हत्या के मामले में वांटेड आरोपी को UAE से भारत लाया गया, CBI-इंटरपोल की मदद से हुई गिरफ्तारी

Date:

केरल में हत्या के एक मामले में फरार चल रहे रघेश उन्नीकोचन को UAE से भारत लाया गया है। केरल पुलिस के अनुरोध पर CBI ने इंटरपोल की मदद से उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने केरल पुलिस के वांटेड आरोपी रघेश उन्नीकोचन को UAE से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। आरोपी को 18 नवंबर 2026 को UAE से भारत डिपोर्ट किया गया। रघेश उन्नीकोचन केरल में दर्ज एक हत्या के मामले में वांटेड था। जांच के दौरान वह फरार हो गया था और कानूनी कार्रवाई से बच रहा था। मामले में उसके खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी थी। साथ ही, कोर्ट ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था।
केरल पुलिस के अनुरोध पर CBI के इंटरपोल विंग ने आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था। इंटरपोल की मदद से उसकी लोकेशन UAE में ट्रेस की गई, जिसके बाद वहां की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद UAE अधिकारियों ने आरोपी को भारत डिपोर्ट करने की मंजूरी दे दी। इसके बाद केरल पुलिस की एक टीम UAE पहुंची और आरोपी को अपनी कस्टडी में लेकर भारत आई। 18 नवंबर को उसे तिरुवनंतपुरम लाया गया।

CBI के मुताबिक, इंटरपोल के माध्यम से वर्ष 2019 से अब तक 281 से अधिक भगोड़ों को भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें वर्ष 2026 में अब तक 73 भगोड़ों को भारत लाया गया है।

महादेव ऐप का प्रमोटर ओमान से भारत लाया गया
इससे पहले, CBI ने अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया था। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था, जिसके आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था। CBI और ED के औपचारिक प्रत्यर्पण अनुरोध को मंजूरी मिलने के बाद CBI की टीम मस्कट पहुंची और उसे भारत लेकर आई। चंद्राकर CBI के दो मामलों में वांछित था, जिनमें आरोपपत्र दाखिल हो चुके हैं। वहीं, ED ने भी उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत दर्ज की है।

CBI के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन बुक देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट में से एक था, जिसका संचालन विदेश से किया जा रहा था। इस नेटवर्क के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों पर सट्टा लगवाया जाता था। जांच में सामने आया कि सट्टेबाजी से हासिल रकम को म्यूल बैंक खातों के जरिए कई स्तरों पर ट्रांसफर कर हवाला नेटवर्क से विदेश भेजा जाता था। इस अवैध कमाई का एक हिस्सा सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को कथित तौर पर रिश्वत के रूप में भी दिया जाता था। CBI ने मामले में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी और भ्रष्टाचार से जुड़ी धाराओं के तहत आरोपपत्र दाखिल किए हैं, जिनमें सौरभ चंद्राकर प्रमुख आरोपियों में शामिल है। वहीं, ED भारत और विदेशों में उसकी कई संपत्तियां कुर्क कर चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related