कनाडा की मोस्ट वांटेड लिस्ट में नंबर-1 बना गोल्डी बराड़, पकड़वाने वाले को मिलेंगे करोड़ों रुपये

Date:

कनाडा ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को अपनी टॉप-25 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में पहले नंबर पर रखा है। उसकी गिरफ्तारी में मददगार जानकारी देने वाले को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक का इनाम मिलेगा। अमेरिका में भी उस पर 10 लाख डॉलर का इनाम है।
कनाडा ने गोल्डी बराड़ पर 2.5 लाख कनाडाई डॉलर का इनाम घोषित किया।
नई टॉप-25 मोस्ट वांटेड सूची में गोल्डी बराड़ को पहला स्थान मिला।
अमेरिका की FBI भी गोल्डी बराड़ पर 10 लाख डॉलर का इनाम रख चुकी है।
ओटावा: अमेरिका के बाद अब कनाडा में भी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कनाडा पुलिस और जांच एजेंसियों ने उसकी तलाश तेज कर दी है। कनाडा के बोलो प्रोग्राम (BOLO Program) ने अपनी नई टॉप-25 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में गोल्डी बराड़ को पहले नंबर पर रखा है। उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर (2.33 करोड़ रुपये) तक का इनाम दिया जाएगा। यह इनाम 2 नवंबर 2027 तक उपलब्ध रहेगा।
कनाडा की मोस्ट वांटेड लिस्ट में नंबर-1 पर गोल्डी बराड़
बोलो प्रोग्राम ने 19 नवंबर 2026 को गोल्डी बराड़ को लेकर यह घोषणा की। इस कार्यक्रम ने लोगों से उसकी तलाश में मदद करने की अपील की है। गोल्डी बराड़ का असली नाम सतिंदरजीत सिंह है। कनाडा में उस पर 2023 में हुई एक हत्या का आरोप है। एजेंसियों के मुताबिक, उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक का इनाम मिलेगा। यह जानकारी ऐसी होनी चाहिए जिससे कनाडा या अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी हो सके। वहीं, उसके साथी करनबीर सिंह पर भी इनाम रखा गया है।

विन्निपेग में सुखदूल सिंह गिल की हत्या का आरोप
गोल्डी बराड़ पर कनाडा के विन्निपेग में 39 साल के सुखदूल सिंह गिल की हत्या का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर 2023 को सुबह करीब 10 बजे विन्निपेग के उत्तर-पश्चिमी इलाके में हेजलटन ड्राइव स्थित एक घर पर गोलीबारी हुई थी। सूचना मिलने पर विन्निपेग पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां 39 वर्षीय सुखदूल सिंह गिल मृत मिले। इस मामले की जांच विन्निपेग पुलिस की होमिसाइड यूनिट ने शुरू की थी। जांच में कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP), मैनिटोबा जस्टिस और देश की दूसरी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने भी सहयोग किया। लंबी जांच के बावजूद दोनों आरोपियों का पता नहीं चल सका है।

गोल्डी बराड़ और करनबीर सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट
इस मामले में 23 फरवरी 2026 को गोल्डी बराड़ और करनबीर सिंह के खिलाफ आरोप तय करने की मंजूरी दी गई थी। दोनों के खिलाफ फर्स्ट डिग्री मर्डर यानी पहली श्रेणी की हत्या और हत्या की साजिश रचने के आरोप लगाए गए। इसके बाद दोनों की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किए गए। कनाडा पुलिस के मुताबिक, गोल्डी बराड़ की उम्र 32 साल है, जबकि करनबीर सिंह की उम्र 26 साल बताई गई है। दोनों की तलाश के लिए देशभर में वारंट जारी किया गया है। पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि दोनों हथियारों से लैस और खतरनाक हो सकते हैं। इसलिए अगर किसी को उनकी जानकारी मिले तो खुद उनके पास जाने के बजाय पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई है।

अमेरिका में भी गोल्डी बराड़ पर 10 लाख डॉलर का इनाम
कनाडा से पहले अमेरिका भी गोल्डी बराड़ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर चुका है। 7 जुलाई 2026 को अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय ने ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के नतीजों की घोषणा की थी। इसमें सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह में कथित भूमिका को लेकर आरोपी बनाया गया था। अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक, उस पर ब्रिटिश कोलंबिया में एक प्रमुख भारतीय हस्ती की हत्या से जुड़े मामले में भी आरोप हैं। गोल्डी बराड़ को FBI की टॉप-10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया गया है। FBI ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले को 10 लाख अमेरिकी डॉलर तक का इनाम देने का ऐलान किया है।

कनाडा पुलिस ने कहा-‘अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई होगी’
विन्निपेग पुलिस के डिप्टी चीफ कैम मैककिड ने कहा कि कनाडा की कानून प्रवर्तन एजेंसियों की ओर से वह यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि देश के शहरों और पूरे देश को इस तरह की हिंसा से बचाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कनाडा ऐसी हिंसा को स्वीकार नहीं करता और इस तरह के मामलों की जांच में लगातार जुटा रहेगा। विन्निपेग पुलिस ने लोगों से गोल्डी बराड़ और करनबीर सिंह के बारे में जानकारी देने की अपील की है। पुलिस ने जानकारी देने के लिए (431) 334-9160 नंबर जारी किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related