राजस्व न्यायालय के आदेश के बाद भी जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद, पंचदेव यादव ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

Date:

बलिया। जमीन के मालिकाना हक और अवैध कब्जे को लेकर बलिया जिले की बैरिया तहसील क्षेत्र के चांद दियर गांव में विवाद का मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने विपक्षियों पर अपनी कृषि भूमि पर जबरन कब्जा करने और विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से करते हुए जमीन को कब्जामुक्त कराने और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

चांद दियर गांव निवासी पंचदेव यादव पुत्र स्वर्गीय राधा किशुन यादव का कहना है कि गांव में उनकी कृषि भूमि घाटा संख्या 4356, 4357, 4531 और 4532 स्थित है। आरोप है कि गांव के ही विजय कुमार यादव, धनजी कुमार यादव, सूरज यादव, नीरज यादव समेत श्रीनगर गांव के श्रीभगवान यादव, शंकर यादव, हरेराम यादव और बिहारी यादव उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।

पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने विपक्षियों की इस कथित कार्रवाई का विरोध किया तो उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। इससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। पीड़ित ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है।

राजस्व न्यायालय के आदेश में भी सामने आई पूर्व आदेश की त्रुटि

इस मामले में राजस्व न्यायालय नायब तहसीलदार बैरिया के न्यायालय से जुड़ा एक महत्वपूर्ण आदेश भी सामने आया है। वाद संख्या 13237/2025 में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2006 की धारा 15 के अंतर्गत 20 अगस्त 2026 को पारित अंतिम आदेश के अनुसार, पूर्व में 12 जनवरी 2025 को पारित आदेश को त्रुटिपूर्ण मानते हुए निरस्त करने का उल्लेख है।

आदेश में संबंधित भूमि के राजस्व अभिलेखों में मृतक के नाम के स्थान पर पंचदेव यादव पुत्र स्वर्गीय राधा किशुन यादव का नाम बतौर वारिस दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। आदेश में पूर्व की प्रविष्टि को कायम रखते हुए राजस्व अभिलेखों में आवश्यक संशोधन करने की बात भी कही गई है।

अब जमीन पर कब्जे को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग

पंचदेव यादव का कहना है कि राजस्व न्यायालय के आदेश और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर उनके मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच कराने, जमीन की स्थिति स्पष्ट करने और कथित अवैध कब्जे के प्रयास को रोकने के निर्देश दिए जाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related