कन्नौज। थाना क्षेत्र किशाई जगदीशपुर के ग्राम रौसेन में चार फरवरी 2025 को दिनदहाड़े दो बुजुर्ग महिलाओं के साथ अभद्रता और गेट तोड़ने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित उपेंद्र कुमार के अनुसार, घटना दोपहर करीब तीन-चार बजे की है, जब वह खेत में काम करने गए थे। उस समय उनकी 75 वर्षीय मां रामकली और 70 वर्षीय ताई उर्मिला देवी घर के गेट के सामने बैठी थीं। आरोप है कि ठाकुर समाज के कुछ लोग, जिनमें मुनुवा पुत्र जगपाल शामिल बताए जा रहे हैं, वहां से गुजरते हुए दोनों महिलाओं को देखकर जातिसूचक गालियां देने लगे और विरोध करने पर गेट पर लात-घूंसे मारने लगे।
पीड़ित का कहना है कि गांव वालों ने उन्हें सूचना दी तो वह तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। इसके बाद उपेंद्र ने गांव के प्रधान गोविंद प्रधान से शिकायत की, लेकिन प्रधान ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि आरोपी ठाकुर समाज से हैं और वह पुलिस का मामला है। जब उपेंद्र पुलिस चौकी गए तो पुलिस ने पहले सुबह आने का आश्वासन दिया, फिर शाम का समय दिया, लेकिन आज तक न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही एफआईआर दर्ज की गई।
उपेंद्र कुमार ने आरोप लगाया है कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह निष्क्रिय बना हुआ है, जबकि उनके परिवार पर खतरा मंडरा रहा है। उनका कहना है कि अगर दोबारा ऐसी घटना हुई और उनकी मां या परिवार को कोई नुकसान हुआ तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। पीड़ित ने यह भी कहा कि वह कमजोर वर्ग से आते हैं, जबकि आरोपी खुद को प्रभावशाली बताकर डराते-धमकाते हैं। इस घटना को लेकर गांव में भारी आक्रोश है और लोग निष्पक्ष जांच व त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

