भूमि विवाद ने पकड़ा तूल, दबंग पर जबरन गेहूं की फसल काटने की कोशिश का आरोप, पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से लगाई गुहार

Date:

जेवर तहसील क्षेत्र के भाईपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर तनाव का माहौल बन गया है। गांव निवासी वेदराम पुत्र लक्खीराम ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनकी जमीन पर खड़ी गेहूं की फसल को जबरन काटने की कोशिश की जा रही है। पीड़ित ने मामले में तत्काल पुलिस हस्तक्षेप की मांग की है।

प्रार्थी वेदराम के अनुसार वह अपनी भूमि के वैध मालिक और काबिज स्वामी हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित जमीन उनके नाम बैनामा है और उसी भूमि पर गेहूं की फसल खड़ी है। आरोप है कि गांव का ही रहने वाला टेकचंद नामक व्यक्ति अपने परिवार के साथ मिलकर जबरन फसल काटने पर उतारू है।

पीड़ित ने अपने शिकायती पत्र में यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि आरोपी व्यक्ति दबंग प्रवृत्ति का है और उसके पास अवैध असलाह भी मौजूद है। वेदराम का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी पक्ष झगड़ा करने और फौजदारी पर आमादा हो गया। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

वेदराम ने पुलिस आयुक्त से मांग की है कि उनकी खड़ी फसल को सुरक्षित कराया जाए और आरोपी टेकचंद तथा उसके परिवार को फसल काटने से रोका जाए। साथ ही उन्होंने अपनी जानमाल की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।

गांव में इस घटना के बाद भूमि विवाद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो मामला और गंभीर रूप ले सकता है।

फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की तैयारी की जा रही है। अब देखना यह होगा कि पीड़ित को कब तक न्याय और सुरक्षा मिल पाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related