गाजियाबाद (लोनी)।
लोनी थाना क्षेत्र में अवैध ब्याजखोरी और दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां तीन लोगों पर एक गरीब परिवार से जबरन मोटी रकम वसूलने, मारपीट, जबरन चेकों पर हस्ताक्षर कराने और एकमात्र मकान हड़पने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कहीं कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपियों के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं।
पीड़ित सरफराज LS कल्लूअली पुत्र अबरार अली, निवासी अशोक विहार, थाना लोनी, गाजियाबाद ने बताया कि दिनांक 24 सितंबर 2024 को उसने गढ़ी कटैया निवासी अनिल, संजीव और सम्राट से अपने मकान का विक्रय विलेख बंधक रखकर 1 लाख 20 हजार रुपये उधार लिए थे। बाद में घरेलू जरूरतों के चलते अलग-अलग समय पर कुल 1 लाख रुपये और लिए गए। इस प्रकार कुल कर्ज की रकम 2 लाख 20 हजार रुपये हुई।
सरफराज LS कल्लूअली का आरोप है कि उसने ऑनलाइन ट्रांसफर और नकद के माध्यम से अब तक 5 लाख रुपये से अधिक की रकम आरोपियों को 21-नवंबर 2025 चुका दी है, जिसके सभी सबूत उसके पास मौजूद हैं। इसके बावजूद आरोपी लगातार दबाव बनाकर कह रहे हैं कि अभी भी 3 लाख 20 हजार रुपये बकाया हैं और या तो पैसे दो या फिर मकान की रजिस्ट्री उनके नाम कर दो।
पीड़ित सरफराज LS कल्लूअली के मुताबिक, आरोपी उसके घर आकर खुलेआम धमकी देते हैं कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो वे पूरे मकान पर कब्जा कर लेंगे और पूरे परिवार को जान से मार देंगे। आरोप है कि इसी दबाव में उससे छह कोरे चेकों पर जबरन हस्ताक्षर कराए गए, जिन्हें फिन बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक में जमा कराने की धमकी दी जा रही है।
मामला तब और भयावह हो गया जब 21 नवंबर 2025 को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे आरोपी संजीव ने सरफराज को अपने पुस्ते वाले ऑफिस पर बुलाया और वहां उसे बंधक बना लिया। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर वहां से निकल पाया।
पीड़ित सरफराज LS कल्लूअली परिवार का कहना है कि उनके सात बच्चे हैं, जिनमें से तीन गांव में और तीन बाहर पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन लगातार हो रही अवैध वसूली और धमकियों के कारण अब बच्चों की पढ़ाई तक रुक गई है। परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुका है।
सरफराज सरफराज LS कल्लूअली ने बताया कि आरोपी कहते हैं, “अगर मकान हमारे नाम नहीं किया तो पूरे घर में आग लगा देंगे।” पीड़ित का कहना है कि यही उनका एकमात्र घर है, जो उनके परिवार के रहने का अकेला सहारा है। वह एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं और मेहनत-मजदूरी कर जैसे-तैसे घर चला रहे हैं, जबकि आरोपी गुंडा तत्वों के साथ मिलकर लगातार उन्हें डराने-धमकाने में लगे हैं।
पीड़ित ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ अवैध ब्याजखोरी, जबरन वसूली, अपहरण, धमकी और धोखाधड़ी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
—
—

