ब्रेकिंग न्यूज़ | सिंगरौली | ई खबर
सिंगरौली जिले के सरई क्षेत्र में सब्जी दुकानदारों की समस्याएं दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही हैं। प्रशासन द्वारा सब्जी दुकानदारों को सब्जी मंडी के लिए जो स्थान आवंटित किया गया है, वह पूरी तरह से अनुपयुक्त बताया जा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि जिस जगह उन्हें स्थानांतरित किया गया है, वहां न तो सुरक्षा है और न ही बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
सब्जी दुकानदारों के अनुसार, मंडी स्थल के दोनों ओर गहरी खाइयां हैं, वहीं एक ओर नदी बहती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा उस स्थान पर छाया, पीने के पानी, बिजली, शौचालय और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी घोर अभाव है। ऐसे में न केवल दुकानदारों को बल्कि वहां आने वाले ग्राहकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दुकानदारों का कहना है कि यदि प्रशासन ने उन्हें पहले की जगह से हटाया है, तो उनके लिए एक सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित सब्जी मंडी का निर्माण किया जाना चाहिए। अन्यथा उन्हें पुनः पुराने स्थान पर सब्जी बेचने की अनुमति दी जाए, जहां वे वर्षों से अपनी जीविका चला रहे थे।
सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि वे पूरी तरह इसी व्यवसाय पर निर्भर हैं और वर्तमान स्थान पर काम करना उनके लिए जोखिम भरा होने के साथ-साथ आर्थिक संकट भी पैदा कर रहा है। बुनियादी सुविधाओं के अभाव में ग्राहक भी वहां आने से बच रहे हैं, जिससे उनकी आय पर सीधा असर पड़ रहा है।
सब्जी दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए जल्द से जल्द समाधान किया जाए और उचित स्थान पर सुविधायुक्त सब्जी मंडी का निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्हें अपनी जीविका के लिए संघर्ष करना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों का भी मानना है कि सरकार और प्रशासन को सब्जी दुकानदारों की समस्याओं को समझते हुए उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान करनी चाहिए और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं कि इस मामले में शीघ्र और ठोस कदम उठाए जाएं।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देता है और सब्जी दुकानदारों को राहत मिल पाती है या नहीं।
सिंगरौली से — रमेश चंद्र जायसवाल

