सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्रकार ने स्थानीय महिला कर्मचारी पर सार्वजनिक रूप से अपमानित करने, मारपीट की कोशिश करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और पीड़ित ने थाना प्रभारी सरई को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार घोघरा निवासी रमेश चन्द्र जायसवाल पुत्र स्वर्गीय रामखेलावन जायसवाल ने अपनी शिकायत में बताया कि 17 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6 बजे वह सरई बाजार स्थित न्यायालय के पास एक चाय दुकान पर बैठे थे। उसी दौरान सरई विद्युत विभाग में कार्यरत रामबाई जायसवाल वहां पहुंची और देखते ही उनके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोप है कि रामबाई ने सार्वजनिक स्थल पर गाली-गलौज की और चप्पल निकालकर उनका कॉलर पकड़ते हुए मारपीट करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले 14 अप्रैल 2026 को घोघरा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान पर भी रामबाई ने उनके साथ मारपीट की थी और उनकी पत्नी के साथ भी हाथापाई की थी। इस घटना की सूचना पहले ही थाना सरई में दी गई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसी वजह से आरोपी महिला का मनोबल बढ़ गया और वह लगातार दबाव बनाने का प्रयास कर रही है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब रमेश जायसवाल ने विरोध किया तो रामबाई ने कथित रूप से धमकी दी कि वह महिला होने का फायदा उठाकर उनके खिलाफ बलात्कार और छेड़छाड़ जैसे गंभीर झूठे आरोप लगाकर जेल भिजवा सकती है। साथ ही यह भी कहा कि स्थानीय अधिकारी और कर्मचारी उसके प्रभाव में हैं और उसकी शिकायत कहीं भी की जाए, कोई सुनवाई नहीं होगी।
पीड़ित का कहना है कि वह पेशे से पत्रकार हैं और इसी कारण उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके खिलाफ कभी भी झूठा मामला दर्ज कराया जा सकता है और उनके परिवार के साथ भी किसी अप्रिय घटना को अंजाम दिया जा सकता है।
फिलहाल पीड़ित ने थाना प्रभारी सरई से मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस पूरे मामले के सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस शिकायत पर क्या कदम उठाती है और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं।

