रिपोर्टर: मोइनुद्दीन कुरैशी
चित्तौड़गढ़। जिले के बस्सी क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे पर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास चलते टेंपू का अचानक टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपू में सवार करीब 14 यात्री घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टेंपू तेज रफ्तार में था, तभी अचानक तेज आवाज के साथ उसका टायर फट गया। संतुलन बिगड़ने से टेंपू सड़क पर पलट गया और उसमें बैठी सभी सवारियां उछलकर नीचे गिर गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों की मदद शुरू की।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत बस्सी उपजिला चिकित्सालय लाया गया, जहां प्रमुख चिकित्साधिकारी डॉ. हरि ओम लड़ा एवं चिकित्सा स्टाफ तथा नर्स नर्गिस सहित कर्मचारियों ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की हालत को देखते हुए कुछ गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एंबुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि सभी घायल यात्री उदयपुर जिले के रहने वाले हैं और जोगणिया माता के दर्शन के लिए जा रहे थे। यात्रा के दौरान यह हादसा हो गया, जिससे तीर्थयात्रा खुशी की बजाय मातम में बदल गई।
फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर वाहनों की नियमित जांच और तेज रफ्तार पर नियंत्रण किया जाए, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

