चूरू में कोहरे और सर्द हवाओं के बीच हुआ नव वर्ष का स्वागत

Date:

बारिश के बाद बढ़ी ठिठुरन, विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम, जनजीवन प्रभावित

चूरू। जिले में नव वर्ष 2026 की शुरुआत घने कोहरे और तेज सर्द हवाओं के साथ हुई। बुधवार रात से मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे पूरे जिले में ठंड का असर तेज हो गया। देर रात हुई हल्की बारिश और बूंदाबांदी के बाद गुरुवार सुबह घना कोहरा छा गया, जिसके चलते दृश्यता घटकर 100 मीटर से भी कम रह गई। इससे आम जनजीवन के साथ-साथ सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ।

बुधवार रात करीब 8 बजे से शुरू हुई बूंदाबांदी देर रात लगभग 11 बजे तक रुक-रुक कर जारी रही। बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। सुबह के समय बाजारों, सड़कों और खेतों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए और हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।

हालांकि यह बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह मावठ चने सहित रबी की फसलों के लिए लाभकारी साबित होगी, जिससे उत्पादन में सुधार की उम्मीद है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसी कारण राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम बदला हुआ है। इसके असर से बीकानेर, जोधपुर, अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश (मावठ) होने की संभावना बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि गुरुवार 1 जनवरी को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 1 से 3 जनवरी के बीच राज्य के उत्तरी, पश्चिमी और पूर्वी भागों में घना से अति घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 2 जनवरी से प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा। खासकर शेखावाटी क्षेत्र में 3 से 4 जनवरी के दौरान शीतलहर चलने की संभावना है, जिससे न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

गुरुवार को चूरू में अधिकतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-शाम सतर्क रहने, आवश्यक होने पर ही यात्रा करने तथा ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है।

घने कोहरे और बढ़ती ठंड के चलते नव वर्ष का आगाज चूरूवासियों के लिए कंपकंपाती ठंड के साथ हुआ, वहीं आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

सीतापुर में अग्निकांड पीड़ितों के हक पर डाका, आवास योजना में भारी अनियमितता का आरोप

सीतापुर। जनपद के विकास खण्ड बेहटा अंतर्गत ग्राम काशीडीह...