सीतापुर।
जिले में रसोई गैस की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिधौली और महमूदाबाद स्थित गैस एजेंसियों का जायजा लेकर वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पहले से बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगने दी जाए और वितरण प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जाए।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस आपूर्ति और वितरण की व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों के लेखपालों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो गैस एजेंसियों पर जाकर वितरण व्यवस्था की निगरानी करेंगे और किसी प्रकार की गड़बड़ी या शिकायत मिलने पर तुरंत प्रशासन को अवगत कराएंगे।
उन्होंने एजेंसी संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर रसोई गैस उपलब्ध हो सके और अफवाहों के कारण किसी प्रकार की अफरा-तफरी की स्थिति न बने।
रिपोर्टर: फरीद अहमद
मो.: 9453308281

