सीतापुर। बासुरा पुलिस चौकी से पहले सरैया से आगे पंच पीर मेला मैदान के पास स्थित बड़े तालाब के नजदीक खतरनाक मोड़ पर आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इस स्थान पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में वाहन सीधे तालाब में गिर जाते हैं।
बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर एक कार तालाब में गिर गई थी, जिसमें सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके बावजूद अब तक यहां कोई ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं।
ताजा मामला आज का है, जब एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। हालांकि इस बार पानी कम होने के कारण सभी लोग सुरक्षित बच गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय नागरिकों ने इस गंभीर समस्या को लेकर क्षेत्रीय विधायक ज्ञान तिवारी से मांग की है कि इस खतरनाक मोड़ पर जल्द से जल्द बैरिकेडिंग या सेफ्टी गेट की व्यवस्था कराई जाए, ताकि भविष्य में होने वाले हादसों को रोका जा सके।
इसके साथ ही प्रशासन से भी अपील की गई है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं, जिससे आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


