पंचकूला/ 07 अप्रैल:-पंचकूला के अमरावती पुलिस चौकी ने एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। अमरावती चौकी इन्चार्ज सब इंस्पेक्टर प्रीतम सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां ने 4 अप्रैल को दी शिकायत के अनुसार उसकी 13 वर्षीय बेटी किसी युवक के साथ घूमने गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना पिंजौर में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान, लापता लड़की को बरामद करने के बाद जब पीड़िता के बयान माननीय न्यायालय के समक्ष दर्ज कराए गए, तो मामले में यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई, जिसके बाद मुकदमे में पॉक्सो एक्ट की धारा 6 भी जोड़ी गईं।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी मूल रुप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में पंजाब में रह रहा था, पीड़िता को फुसलाकर चंडीगढ़ स्थित होटल ले गया था। पी/एसआई पूजा की अगुवाई में पुलिस टीम ने फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए। आरोपी को 6 अप्रैल को खड़क मंगोली, माजरी चौक के पास से काबू किया गया। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने और घटनास्थल की निशानदेही करवाने के बाद पुलिस ने उसे आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता: इस मामले में शिकायत मिलते ही हमारी टीम ने तत्परता दिखाई और आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। हमारी फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सभी तकनीकी और जैविक साक्ष्य जुटा लिए हैं ताकि कोर्ट में आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके। समाज में बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हम सुनिश्चित करेंगे कि पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय मिले। किसी भी अपराधी को कानून से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
ई खबर मीडिया के लिए हरियाणा स्टेट हेड देव दर्शन शर्मा की रिपोर्ट


