भुवनेश्वर। ओडिशा में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। तापमान में तेज बढ़ोतरी और लू जैसे हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए सभी स्कूलों में ग्रीष्मावकाश की घोषणा समय से पहले कर दी है। अब प्रदेश के स्कूल 27 अप्रैल से ही बंद कर दिए जाएंगे, जिससे लाखों विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हालात की गंभीरता को देखते हुए यह निर्णय लिया। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि यह फैसला विद्यालय एवं जन शिक्षा विभाग की सिफारिश के आधार पर लिया गया है। सरकार ने साफ किया है कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है।
गौरतलब है कि ओडिशा में सामान्य तौर पर गर्मी की छुट्टियां 6 मई से 17 जून तक रहती हैं, लेकिन इस बार मौसम ने रिकॉर्ड तोड़ गर्मी का रूप ले लिया है। ऐसे में सरकार को तय समय से पहले ही छुट्टियां घोषित करनी पड़ीं। शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में छात्रों को स्कूल भेजना जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए यह फैसला जरूरी हो गया था।
हालांकि, सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षाएं, जनगणना और अन्य जरूरी सरकारी कार्य पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगे। यानी स्कूल बंद रहने के बावजूद प्रशासनिक गतिविधियों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई इलाकों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं।
सरकार के इस फैसले से अभिभावकों और छात्रों को बड़ी राहत मिली है। वहीं, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें और जरूरी सावधानियां बरतें।
ईखबर मीडिया के लिए पंचानन साहू की रिपोर्ट

