बिहार के वैशाली जिले के मेधावी छात्र पाणिनि विश्व के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान अमेरिका में बीटेक पाठ्यक्रम के लिए चयनित हुए हैं।
वर्तमान में आईआईटी दिल्ली में अध्ययनरत पाणिनि का सपना दुनिया के शीर्ष तकनीकी संस्थान से इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना था, जो अब साकार हो गया है।
ओलंपियाड में मनवाया प्रतिभा का लोहा
पाणिनि शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में पहले रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था, इसके बाद स्वर्ण पदक हासिल कर देश का गौरव बढ़ाया।
उनकी उपलब्धियों को देखते हुए बिहार सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने समय-समय पर उन्हें सम्मानित किया था।तत्कालीन मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, पूर्व अपर मुख्य सचिव केके पाठक समेत कई अधिकारियों ने उन्हें सम्मानित किया था।
जेईई मेन में रहे बिहार टॉपर
प्रतियोगी परीक्षाओं में भी पाणिनि ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जेईई मेन 2025 में बिहार में पहला स्थान हासिल किया था। वहीं, जेईई एडवांस्ड में अखिल भारतीय स्तर पर 273वीं रैंक प्राप्त कर अपनी मेधा का परिचय दिया।
पाणिनि की सफलता के पीछे उनके परिवार और शिक्षकों का बड़ा योगदान माना जा रहा है। उनकी माता निभा शर्मा उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रतापटांड़ में शिक्षिका हैं।
पिता संजय कुमार शर्मा उच्च माध्यमिक विद्यालय मीनापुर राय में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं।उनकी उपलब्धि पर शिक्षा जगत में खुशी की लहर है।
माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रशांत कुमार, सचिव आभाष सौरभ, राज्य संयुक्त सचिव विनय मोहन, राज्य कार्यसमिति सदस्य रूपक कुमार सिंह तथा आरएन कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. दिलीप कुमार गुप्ता समेत कई शिक्षाविदों और शिक्षकों ने पाणिनि को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

