वाराणसी में नाबालिग लड़की को लेकर भाग रहा युवक गिरफ्तार, 48 घंटे के भीतर पुलिस ने सकुशल किया बरामद, शादी की नीयत से ले जाने की बात कबूली

Date:

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के कथित अपहरण का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि उसे अपने साथ ले जाने वाले युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, कपसेठी थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 088/2026 के तहत नाबालिग लड़की के अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार सुबह करीब छह बजे कपसेठी बाजार से आगे बहरी नाला के पास पुलिस ने आरोपी जयप्रकाश पुत्र स्वर्गीय रामचरण निवासी ग्राम रड़यी, थाना भदोही, जनपद भदोही को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग पीड़िता “गुड़िया” (परिवर्तित नाम) को सकुशल बरामद किया। बरामदगी के बाद बालिका को महिला हेल्प डेस्क में महिला पुलिसकर्मी की निगरानी में रखा गया तथा उसके परिजनों को तत्काल सूचना दी गई।

पूछताछ में आरोपी जयप्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह लड़की के साथ शादी करने की नीयत से घर से भागा था। आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की बात कही और माफी की गुहार लगाई। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी सफाई न्यायालय में अधिवक्ता के माध्यम से प्रस्तुत करेगा।

इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) तथा धारा 87 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक करुणा सागर तिवारी, महिला कांस्टेबल अंजू द्वितीय तथा कांस्टेबल आदित्य राय की टीम ने इस पूरे अभियान को सफल बनाया।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक ओर जहां नाबालिग बालिका सुरक्षित अपने परिजनों तक पहुंच सकी, वहीं आरोपी को भी कानून के शिकंजे में लाकर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया। क्षेत्र में इस कार्रवाई की चर्चा बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

3 दिन का समय, वरना… बांका में 21 प्राइवेट स्कूलों पर लटकी तलवार; विभाग ने दिया अल्टीमेटम

बांका। शिक्षा विभाग की प्रस्वीकृति के बिना ही जिला...