LPL 2026 सीजन शुरू होने से ठीक कुछ घंटे पहले एक बहुत बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। लोकल मीडिया के अनुसार, जाफना किंग्स टीम के एक मालिक को पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने गिरफ्तार कर लिया है।
लंका प्रीमियर लीग (LPL) 2026 सीजन की शुरुआत 17 जुलाई से होने वाली है। सीजन शुरू होने से ठीक कुछ घंटे पहले एक बहुत बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। श्रीलंका की लोकल मीडिया के अनुसार जाफना किंग्स टीम के एक मालिक को पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने गिरफ्तार कर लिया है। इस खबर के सामने आने के बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने शुक्रवार दोपहर को एक बयान जारी कर कहा कि वे इस जांच में पुलिस का पूरा साथ देंगे।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने इस पूरे मामले पर क्या कहा?
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि उन्होंने खबरों में जाफना किंग्स के मालिक के गिरफ्तार होने की बात सुनी है। बोर्ड और लंका प्रीमियर लीग का मैनेजमेंट इस मामले की जांच कर रही पुलिस टीम (SIU) की हर तरह से मदद करेंगे। टूर्नामेंट के आयोजकों का कहना है कि वे क्रिकेट में किसी भी तरह की धोखाधड़ी, बेईमानी या मैच-फिक्सिंग को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेंगे और इसके खिलाफ सख्त रहेंगे।
कौन हैं जाफना किंग्स के मालिक?
आपको बता दें कि लंका प्रीमियर लीग (LPL) के इस सीजन से ठीक पहले ‘स्पोर्ट्स कम्यून’ नाम की कंपनी ने जाफना किंग्स टीम को खरीदा था, जिसके मालिक बिजनेसमैन मयंक गोयल और भारत की अंडर-19 टीम के पूर्व खिलाड़ी मनजोत कालरा हैं। हालांकि अधिकारी इस गिरफ्तारी को श्रीलंका के सख्त कानून की बड़ी कामयाबी मान रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद टूर्नामेंट में टीम मालिकों की ठीक से बैकग्राउंड जांच न होने पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि पिछले दो सालों में यह तीसरी बार है जब लीग की किसी टीम का मालिक भ्रष्टाचार या फिक्सिंग के आरोपों में पुलिस द्वारा गिरफ्तार हुआ है।
LPL 2026 में खेलेंगे विजय शंकर
लंका प्रीमियर लीग 2026 का सीजन काफी खास होने वाला है। भारत के पूर्व ऑलराउंडर विजय शंकर ने भी इस सीजन में कैंडी रॉयल्स के साथ करार किया है। वो इस सीजन टूर्नामेंट में खेलने वाले इकलौते भारतीय खिलाड़ी हैं। उनके साथ इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोईन अली और बांग्लादेश के दिग्गज खिलाड़ी शाकिब अल हसन खेलते हुए नजर आएंगे। सभी फ्रेंचाइजी ने टूर्नामेंट के छठे सीजन के लिए अपनी टीमें पूरी कर ली हैं। विजय शंकर इस टीम के लिए खेलने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। उनसे पहले इरफान पठान और मुनाफ पटेल 2020 में इस टीम के लिए खेल चुके हैं।
LPL के डायरेक्टर सामंथा डोडनवेला ने दिया बड़ा बयान
LPL के डायरेक्टर सामंथा डोडनवेला ने बोर्ड का बचाव करते हुए कहा है कि हम भ्रष्टाचार को लेकर बेहद सख्त हैं। चाहे टूर्नामेंट शुरू होने से पहले की बात हो या बीच में, जैसे ही हमें कुछ गलत पता चलेगा, हम तुरंत एक्शन लेंगे। श्रीलंका दुनिया का इकलौता ऐसा देश है जहां खेल में फिक्सिंग या भ्रष्टाचार करने पर सीधे गिरफ्तार करने का कानून है। दूसरे देशों में ऐसे मामले ICC के पास जाते हैं और सालों-साल खिंच जाते हैं। इस बड़ी गिरफ्तारी के बावजूद, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने फैंस और खिलाड़ियों को भरोसा दिलाया है कि टूर्नामेंट में कोई रुकावट नहीं आएगी। 17 जुलाई की शाम को कोलंबो के SSC मैदान पर जाफना किंग्स और गाले गैलेंट्स के बीच होने वाला पहला मैच अपने तय समय पर ही खेला जाएगा।

