द हंड्रेड 2026 टूर्नामेंट 21 जुलाई से शुरू हो रहा है, जिसका पहला मुकाबला लंदन के द ओवल मैदान पर MI London और Sunrisers Leeds के बीच खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट 21 जुलाई से लेकर 16 अगस्त तक चलेगा।
द हंड्रेड 2026 के नए सीजन की शुरुआत आज यानी 21 जुलाई से हो रही है। इस टूर्नामेंट का पहला मैच लंदन के ‘द ओवल’ मैदान पर MI लंदन (जो पहले ओवल इनविंसिबल्स के नाम से जानी जाती थी) और सनराइजर्स लीड्स के बीच खेला जाएगा। पिछली बार ओवल इनविंसिबल्स ने ट्रेंट रॉकेट्स को हराकर खिताब जीता था, इसलिए डिफेंडिंग चैंपियन होने के नाते MI लंदन इस बार भी जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी। इस पूरे टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं और इसका फाइनल मुकाबला 16 अगस्त को खेला जाएगा।
द हंड्रेड वुमेंस टूर्नामेंट में खेलेंगी 4 भारतीय खिलाड़ी
आपको बता दें कि द हंड्रेड के मेंस और वुमेंस टूर्नामेंट की शुरुआत एक ही दिन होगी। इस बार वुमेंस द हंड्रेड में 4 भारतीय महिला खिलाड़ी खेलती हुई नजर आएंगी। जिसमें से सबसे बड़ा नाम स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्ज का है। मंधाना को मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और जेमिमा रोड्रिग्स को सदर्न ब्रेव टीम ने ऑक्शन से पहले ही अपनी टीम में शामिल कर लिया था। वहीं हाल ही में हुई ऑक्शन में दीप्ति शर्मा को सनराइजर्स लीड्स और रिचा घोष को मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने उनके बेस प्राइस (₹34 लाख) पर खरीदा था। आपको बता दें कि पिछले साल नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स की टीम ने द हंड्रेड वुमेंस की ट्रॉफी अपने नाम की थी।
द हंड्रेड के ऑक्शन में ये महिला खिलाड़ी रही थी अनसोल्ड
इस साल इंग्लैंड के द हंड्रेड के मेंस टूर्नामेंट में एक भी भारतीय खिलाड़ी खेलता हुआ नजर नहीं आएगा। वहीं, महिला खिलाड़ियों की ऑक्शन में भारत की वर्ल्ड कप विजेता टीम की कुछ बड़े खिलाड़ी जैसे शैफाली वर्मा, राधा यादव और श्री चरणी शामिल तो थीं, लेकिन किसी भी टीम ने उन्हें खरीदने में रुचि नहीं दिखाई और वे उस ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे। वहीं मेंस ऑक्शन की बात करें तो इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर जेम्स कोल्स सबसे महंगे खिलाड़ी रहे थे। उन्हें लंदन स्पिरिट की टीम ने 3,90,000 पाउंड यानी लगभग 4.8 करोड़ रुपये में खरीदा था।
कब और कहां देख पाएंगे द हंड्रेड के मुकाबले
अब बात करते हैं द हंड्रेड टूर्नामेंट के लाइव स्ट्रीमिंग और लाइव टेलीकास्ट को लेकर। ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट का ये सीजन 21 जुलाई से शुरू हो रहा है। क्रिकेट फैंस इस पूरे टूर्नामेंट के मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर ऑनलाइन देख सकते हैं। वहीं, जो लोग टीवी पर मैच देखना चाहते हैं, वे स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर इसका लाइव टेलीकास्ट देख सकते हैं।

