बीच-बचाव करना पड़ा भारी, विवाद शांत कराने पहुंचे युवक पर चाकू से हमला, कार्रवाई नहीं होने का आरोप

Date:

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में दो पक्षों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इससे परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता लक्ष्मी जांगड़े, पति किशन जांगड़े, निवासी ग्राम सेमरिया, सतनामी पारा, थाना बेमेतरा, जिला बेमेतरा, छत्तीसगढ़ ने बताया कि 31 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे सेमरिया बाजार में विनोद साहू और टीकू साहू का किसी अन्य व्यक्ति के साथ विवाद हो रहा था। इसी दौरान उनके पति किशन जांगड़े दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शांत कराने और बीच-बचाव करने पहुंचे।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि बीच-बचाव करने से नाराज होकर विनोद साहू, टीकू साहू और टीकू के भतीजे ने मिलकर किशन जांगड़े पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में किशन जांगड़े गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है।

लक्ष्मी जांगड़े का कहना है कि घटना की शिकायत तत्काल बेमेतरा थाना पुलिस में दर्ज करा दी गई थी। इसके बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका आरोप है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी समय कोई अप्रिय घटना हो सकती है।

वहीं, इस मामले में पुलिस का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। मामले की जांच जारी है और जांच के बाद ही घटना के संबंध में आधिकारिक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related