कार्यालय पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन, कमिश्नरेट वाराणसी
प्रेस नोट
दिनांक 13.08.2026
दिनांक 12.08.2026 को थाना कपसेठी पुलिस टीम द्वारा देखभाल क्षेत्र, संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम कुरु तिराहा, थाना कपसेठी, कमिश्नरेट वाराणसी के पास से मु0अ0सं0 117/2026 धारा 318(4) बीएनएस में वांछित अभियुक्त श्याम सिंह पुत्र राम आसरे, निवासी ग्राम पूरे खुसई मोहनगंज, थाना कोतवाली देहात, जनपद प्रतापगढ़, उम्र लगभग 40 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा उसके घर ग्राम पूरे खुसई मोहनगंज, थाना कोतवाली देहात, जनपद प्रतापगढ़ पहुंचकर आलमारी में रखे ठगी के ₹1,85,000/- नगद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमा उपरोक्त में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना का विवरण
दिनांक 02.06.2026 को वादी गोविन्द गुप्ता निवासी शिवदासपुर, थाना कपसेठी, वाराणसी को उसके परिचित राजकुमार के घर पूजा-पाठ कराने आए दो व्यक्तियों द्वारा उसकी पत्नी को संतान न होने की बात बताकर पूजा-पाठ कराया गया। इसके बाद दोनों व्यक्तियों ने वादी को विश्वास में लेकर बताया कि घर के पास जमीन में सोने की मूर्ति एवं सोने के सिक्के दबे हैं, जिन्हें पूजा-पाठ के माध्यम से निकाला जा सकता है।
दिनांक 09.07.2026 एवं 16.07.2026 को आरोपियों द्वारा पूजा-पाठ के नाम पर वादी एवं अन्य व्यक्तियों से धनराशि प्राप्त की गई। दिनांक 19.07.2026 को आरोपियों ने सोने की मूर्ति एवं सिक्के निकालने के नाम पर वादी से ₹11,11,111/- नगद, एक सोने की अंगूठी एवं एक सोने की चैन तथा राजकुमार से ₹3,00,000/- नगद एवं एक सोने की अंगूठी प्राप्त की। इसके बाद आरोपियों ने जमीन खोदकर लाल कपड़े में बंधी एक मूर्ति निकालकर दी तथा उसके कुछ हिस्से को काटकर सोने का होना बताया।
बाद में मूर्ति की जांच करने पर उसके पीतल की होने की जानकारी हुई तथा आरोपियों के मोबाइल नंबर बंद मिले। इस प्रकार आरोपियों द्वारा पूजा-पाठ एवं जमीन में सोने की मूर्ति व सिक्के दबे होने का झांसा देकर वादी एवं अन्य व्यक्तियों से धनराशि तथा आभूषण की ठगी की गई।
पूछताछ का विवरण
पूछताछ में अभियुक्त श्याम सिंह ने बताया कि वह राजेश सिंह उर्फ माया प्रकाश सिंह पुत्र तालुकदार सिंह निवासी ग्राम पिलखनी, जनपद सुल्तानपुर, जिसे वे लोग “गुरु जी” कहते हैं, के साथ गोविन्द गुप्ता के गांव में राजकुमार के घर गया था। वहां गोविन्द को पूजा-पाठ कराने तथा जमीन में सोने की मूर्ति एवं सिक्के दबे होने की बात बताकर विश्वास में लिया गया। इसके बाद पूजा-पाठ के नाम पर अलग-अलग तिथियों में धनराशि प्राप्त की गई तथा पीतल की मूर्ति को सोने की मूर्ति बताकर ठगी की गई।
अभियुक्त ने बताया कि ठगी से प्राप्त धनराशि में से ₹1,85,000/- उसे गुरु जी द्वारा दिए गए थे, जिसे उसने अपने घर की आलमारी में रख दिया था। अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस द्वारा उक्त धनराशि बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
1. श्याम सिंह पुत्र राम आसरे, निवासी ग्राम पूरे खुसई मोहनगंज, थाना कोतवाली देहात, जनपद प्रतापगढ़, उम्र लगभग 40 वर्ष।
पंजीकृत अभियोग का विवरण
1. मु0अ0सं0 117/2026, धारा 318(4)/317(2) बीएनएस, थाना कपसेठी, कमिश्नरेट वाराणसी।
बरामदगी का विवरण
1. ठगी की धनराशि ₹1,85,000/- नगद।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
1. उ0नि0 विकास कुमार, थानाध्यक्ष, थाना कपसेठी, कमिश्नरेट वाराणसी।
2. उ0नि0 मनीष कुमार, थाना कपसेठी, कमिश्नरेट वाराणसी।
3. उ0नि0 श्वेतांशु पाण्डेय, थाना कपसेठी, कमिश्नरेट वाराणसी।
4. का0 वैभव त्रिपाठी, थाना कपसेठी, कमिश्नरेट वाराणसी।
5. रि0 म0का0 सौम्या देवी, थाना कपसेठी, कमिश्नरेट वाराणसी।
सोशल मीडिया सेल
पुलिस उपायुक्त, गोमती जोन
पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी

