पाकुड़। ₹2 करोड़ सड़क मद से संबंधित योजना चयन को लेकर पाकुड़ नगर परिषद के योजना से वंचित पार्षदों ने विरोध जताया है। पार्षदों ने अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नगर परिषद कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन की अनुमति मांगी है।
पार्षदों का कहना है कि योजना चयन को लेकर पूर्व में कई बार आवेदन देकर विभागीय मंतव्य प्राप्त होने तक आगे की कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में पार्षदों ने धरना देने का निर्णय लिया है।
आवेदन में करीब 100 लोगों के धरना में शामिल होने की बात कही गई है। साथ ही माइक के उपयोग और विरोध स्वरूप नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं कार्यपालक पदाधिकारी के प्रतीकात्मक पुतले दहन किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
पार्षदों की प्रमुख मांग है कि विभागीय मंतव्य आने तक योजना से संबंधित एकरारनामा, वर्क ऑर्डर एवं अन्य अग्रेतर कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। इसके अलावा स्थायी समिति से पारित 11 वार्डों की योजनाओं की वैधानिकता की जांच कराने की मांग की गई है।
पार्षदों ने कहा है कि यदि योजना चयन में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित निविदाओं को निरस्त कर सभी 21 वार्डों के लिए नए सिरे से योजना चयन कराया जाए।
पार्षदों ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा और प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी शर्तों का पालन किया जाएगा।

