शांति समिति की बैठक में डीसी-एसपी ने दिए सुरक्षा, ट्रैफिक और साफ-सफाई के निर्देश
पाकुड़। दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह समेत प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के शांति समिति के सदस्य शामिल हुए।
बैठक में जिले में दुर्गापूजा की तैयारियों और विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई। पूजा समितियों एवं समिति सदस्यों से स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेकर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूजा पंडालों और मंदिरों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रमुख मार्गों और पूजा स्थलों के आसपास पड़ी निर्माण सामग्री हटाने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
डीसी ने पूजा समितियों से पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने और उनकी पहचान के लिए कैप व जरूरत के अनुसार सीटी रखने की अपील की। पंडालों में आपातकालीन सेवाओं तथा संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करने का भी निर्देश दिया गया।
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर
उपायुक्त ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों, भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री को लेकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी सामग्री की जानकारी मिलने पर तत्काल थाना प्रभारी या संबंधित बीडीओ को सूचित करें। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या विधि-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस तैयार
एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि दुर्गापूजा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। संवेदनशील क्षेत्रों और पूजा पंडालों के रूट का सत्यापन किया जा रहा है। असामाजिक तत्वों की पहचान, सत्यापन एवं निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस बल की मांग मुख्यालय को भेजी गई है।
उन्होंने पूजा समितियों से निर्धारित जुलूस मार्ग में बिना अनुमति बदलाव नहीं करने की अपील की। जरूरत पड़ने पर संबंधित एसडीओ से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, क्यूआरटी, मॉक ड्रिल और जिला नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की जा रही है।
एसपी ने स्पष्ट किया कि डीजे के प्रयोग में उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पूजा समितियों और पुलिस-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के लिए थाना स्तर पर नोडल पदाधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।
बैठक में ट्रैफिक प्लान, रूट व्यवस्था और बैरिकेडिंग समेत अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, बीडीओ-सीओ, थाना प्रभारी तथा शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

