अमेरिका में व्हाइट हाउस के पास से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद किया गया है। संदिग्ध ने बताया कि उसके दिमाग में आवाजें सुनाई देती हैं, जो ट्रंप को मारने के लिए कहती हैं।
इस वक्त की बड़ी खबर अमेरिका से सामने आ रही है। यहां व्हाइट हाउस के पास से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों को संदिग्ध की गाड़ी से तीन हथियार और दर्जनों कारतूस मिले हैं। संदिग्ध ने अधिकारियों को बताया कि उसे अपने दिमाग में कुछ आवाजें सुनाई दे रही थीं, जो उसे वाशिंगटन जाकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या करने के लिए कह रही थीं। बता दें कि यह गिरफ्तारी गुरुवार रात को हुई, जब सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने एक खड़ी गाड़ी में बैठे एक व्यक्ति को देखा, जो “संदिग्ध हरकतें” कर रहा था। डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) ने बताया कि इस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है और उस पर आरोप तय किए गए हैं।
ट्रंप की हत्या के लिए सुनाई दे रही थीं आवाजें
DHS के बयान के अनुसार, संदिग्ध की पहचान रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा चिरिनोस के रूप में हुई है। उसने अधिकारियों को बताया कि उसे कुछ आवाजें सुनाई दे रही थीं, जो उसे अमेरिकी राजधानी आकर रिपब्लिकन राष्ट्रपति की हत्या करने के लिए कह रही थीं। बाद में अधिकारियों को पता चला कि यह गाड़ी चोरी की रिपोर्ट की गई थी। बयान में कहा गया है कि तलाशी लेने पर गाड़ी से तीन अलग-अलग हथियार और दर्जनों कारतूस बरामद हुए। DHS ने बताया कि चिरिनोस वेनेजुएला से आया एक प्रवासी है, जो अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा है। वह मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते देश में दाखिल हुआ था।
फिलहाल उस पर आरोप तय कर दिए गए हैं और वह अभी अमेरिकी मार्शल्स सर्विस की हिरासत में है। होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन ने गिरफ्तारी में शामिल अधिकारियों की तारीफ की। उन्होंने अपने बयान में कहा, “हमारे बहादुर सीक्रेट सर्विस अधिकारियों का धन्यवाद, जिन्होंने व्हाइट हाउस के पास इस अवैध प्रवासी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी गाड़ी में तीन हथियार थे, और वह किसी को नुकसान पहुंचा पाता, उससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया।”
व्हाइट हाउस ने नहीं की कोई टिप्पणी
फिलहाल व्हाइट हाउस ने इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है और सवालों के लिए DHS तथा अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की ओर रुख करने को कहा। यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब पिछले साल ट्रंप के दोबारा पद संभालने के बाद से, सीक्रेट सर्विस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने उन लोगों के खिलाफ कई कार्रवाई की हैं, जिन पर ट्रंप या उनके परिवार के सदस्यों की जान लेने की धमकी देने का आरोप है।

