‘मातृभूमि’ के ट्रेलर में सलमान खान से भिड़ने वाला हैंडसम मेजर कौन है? पहले ही विलेन बनकर मचा चुका है धूम, मॉडलिंग की दुनिया में बड़ा नाम

Date:

सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ में चीनी सेना के मेजर बने अनूप बिक्रम शाही नेपाली सिनेमा का जाना-पहचाना चेहरा हैं। मॉडलिंग से करियर शुरू करने वाले अनूप अब बॉलीवुड में डेब्यू करेंगे।
सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ के ट्रेलर ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। इसमें सलमान चीनी सेना से लोहा लेते नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में उनका सामना चीनी सेना के एक मेजर से भी होता है। इस किरदार में दिखे अभिनेता अनूप बिक्रम शाही ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। हिंदी सिनेमा के दर्शकों के लिए अनूप भले ही नया चेहरा हों, लेकिन नेपाली फिल्म इंडस्ट्री में वह अपनी दमदार पहचान रखते हैं। ट्रेलर में उनकी झलक सामने आने के बाद लोग उनके बारे में जानने के लिए इंटरनेट पर सर्च कर रहे हैं। आइए जानते हैं कि कौन हैं अनूप बिक्रम शाही और कैसे मॉडलिंग से शुरू हुआ उनका सफर बॉलीवुड तक पहुंचा।

नेपाली सिनेमा के चर्चित विलेन हैं अनूप
अनूप बिक्रम शाही नेपाली सिनेमा के जाने-माने अभिनेताओं में शामिल हैं। लंबी कद-काठी, आकर्षक व्यक्तित्व और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस उनकी पहचान है। उन्हें खासतौर पर अपने निगेटिव किरदारों के लिए जाना जाता है। दिलचस्प बात यह है कि अनूप हमेशा हीरो बनना चाहते थे, लेकिन पर्दे पर विलेन के रूप में उन्हें ज्यादा लोकप्रियता मिली। बिना किसी फिल्मी बैकग्राउंड के उन्होंने अपनी मेहनत से इंडस्ट्री में जगह बनाई। काठमांडू में जन्मे अनूप ने शोबिज में कदम मॉडलिंग के जरिए रखा। साल 2013 में उन्होंने ‘मैनहंट इंटरनेशनल नेपाल’ का खिताब जीता। इसके बाद 2016 में चीन के शेनझेन में आयोजित ‘मैनहंट इंटरनेशनल’ प्रतियोगिता में नेपाल का प्रतिनिधित्व किया। यहां उन्हें ‘बेस्ट टीवी मॉडल’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
हसिया’ से मिली फिल्मों में पहचान
मॉडलिंग में पहचान बनाने के बाद अनूप ने अभिनय की दुनिया का रुख किया। साल 2013 में उन्होंने नेपाली फिल्म ‘सौर्य’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। हालांकि, 2014 में आई फिल्म ‘हसिया’ ने उन्हें असली पहचान दिलाई। इसमें उनके निगेटिव किरदार को दर्शकों ने पसंद किया और वह नेपाली सिनेमा के चर्चित विलेन बन गए। इसके बाद अनूप ने कई फिल्मों में काम किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘बीर बिक्रम’, ‘किंग’, ‘क्री’, ‘लिली बिली’, ‘जय शंभू’, ‘पुरानो बुलेट’, ‘पासवर्ड’, ‘लक्षे’ और ‘लप्पन छप्पन 2’ शामिल हैं। अपने स्टाइल और स्क्रीन प्रेजेंस के चलते उन्हें नेपाली फिल्म इंडस्ट्री के मोस्ट स्टाइलिश एक्टर्स में भी गिना जाता है।

टीवी शो और राजनीति में भी आजमाया हाथ
फिल्मों के अलावा अनूप ने टेलीविजन पर भी अपनी पहचान बनाई। वह नेपाली रियलिटी शो ‘हिमालयन रोडीज’ में गैंग लीडर के तौर पर नजर आए। शो के फॉर्मेट के साथ उनका बेबाक अंदाज और प्रभावशाली व्यक्तित्व खूब जमे। अभिनय के अलावा उन्होंने राजनीति में भी कदम रखा। साल 2022 में वह नेपाली कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे।
मातृभूमि’ में सैकड़ों कलाकारों को पछाड़कर मिला रोल
अनूप के करियर के लिए ‘मातृभूमि’ एक बड़ा मौका है। निर्देशक अपूर्व लाखिया ने ट्रेलर लॉन्च के दौरान बताया था कि चीनी सेना के मेजर के किरदार के लिए दुनिया भर के कलाकारों के ऑडिशन लिए गए थे। सैकड़ों कलाकारों में से अनूप को इस भूमिका के लिए चुना गया। इस तरह नेपाली सिनेमा में अपनी पहचान बना चुके अभिनेता को अब हिंदी दर्शकों के सामने खुद को साबित करने का मौका मिला है। अनूप सलमान खान के बड़े प्रशंसक हैं। ट्रेलर लॉन्च इवेंट में उन्होंने सलमान के पैर छुए थे। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। अब फिल्म में दोनों अभिनेताओं के आमने-सामने आने वाले दृश्यों को लेकर दर्शकों में उत्सुकता है। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी ‘मातृभूमि’ 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

मालिना जोशी से जुड़ा था नाम
अनूप अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखना पसंद करते हैं। हालांकि, एक समय उनका नाम पूर्व मिस नेपाल और मॉडल मालिना जोशी के साथ जुड़ा था। दोनों ने फिल्म ‘रानी’ में साथ काम किया था। बताया जाता है कि करीब दो साल तक रिश्ते में रहने के बाद दोनों अलग हो गए। फिलहाल अनूप का ध्यान अपने अभिनय करियर पर है और ‘मातृभूमि’ के जरिए वह बॉलीवुड में नई पहचान बनाने की तैयारी में हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related