WHO ने भारत को उन देशों में शामिल किया है, जहां अल-नीनो के कारण स्वास्थ्य संबंधी खतरे ज्यादा हो सकते हैं। कम बारिश और बढ़ती गर्मी से पानी की कमी, डेंगू-मलेरिया, कुपोषण और दूसरी बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका है।
अल-नीनो का खतरा अब सिर्फ मौसम में बदलाव तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह दुनिया के सामने एक बड़े स्वास्थ्य संकट के रूप में उभर रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने अल-नीनो से जुड़े संभावित स्वास्थ्य खतरों को देखते हुए अपने वैश्विक आपातकालीन रिस्पॉन्स को ग्रेड-3 स्तर पर पहुंचा दिया है। यह संगठन का सबसे उच्च आपातकालीन प्रतिक्रिया स्तर है। WHO ने 2 नवंबर को जारी अपनी रणनीतिक तैयारी और प्रतिक्रिया योजना में चेतावनी दी है कि अक्टूबर 2026 से सितंबर 2027 के बीच अल-नीनो के कारण दुनिया के कई हिस्सों में गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियां पैदा हो सकती हैं।
WHO की 5 सितंबर 2026 को जारी वैश्विक स्वास्थ्य जोखिम आकलन रिपोर्ट में भारत को हाई या वेरी हाई हेल्थ रिस्क वाले देशों में शामिल किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण एशिया के बड़े हिस्से में सामान्य से अधिक तापमान और कम बारिश होने की आशंका है। इससे भारत में लू, पानी की किल्लत, संक्रामक बीमारियों, कुपोषण और स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ सकता है।
WHO ने क्यों बढ़ाया अलर्ट का स्तर?
अल-नीनो प्रशांत महासागर के मध्य और पूर्वी उष्णकटिबंधीय हिस्से में समुद्र की सतह के तापमान में असामान्य बढ़ोतरी से जुड़ी प्राकृतिक जलवायु घटना है। इसका असर दुनिया के अलग-अलग हिस्सों के तापमान और बारिश के पैटर्न पर पड़ता है। कहीं सूखा और भीषण गर्मी बढ़ती है, तो कहीं अत्यधिक बारिश और बाढ़ जैसी स्थितियां बन सकती हैं।
WHO की योजना के तहत अक्टूबर 2026 से सितंबर 2027 तक ग्रेड-3 स्तर पर वैश्विक प्रतिक्रिया संचालित की जाएगी। इसके लिए संगठन ने शुरुआती छह महीनों यानी अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक करीब 3.5 करोड़ डॉलर के संसाधनों की जरूरत बताई है। WHO ने अपनी रणनीति में चार प्रमुख प्राथमिकताओं पर जोर दिया है। इनमें बीमारियों की निगरानी और समय रहते पहचान, बचाव और रोकथाम, मरीजों की देखभाल एवं स्वास्थ्य सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय शामिल हैं। संगठन ने स्पष्ट किया है कि अल-नीनो सीधे बीमारियां पैदा नहीं करता, बल्कि मौसम और पर्यावरण में बदलाव के जरिए संक्रमण, गर्मी से जुड़ी बीमारियों और स्वास्थ्य सेवाओं में रुकावट का खतरा बढ़ाता है।
भारत में इन बीमारियों का बढ़ सकता है खतरा
WHO के आकलन में भारत के लिए कई गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों की पहचान की गई है। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:-
लू और गर्मी से जुड़ी बीमारियां: सामान्य से अधिक तापमान और लंबे समय तक गर्मी रहने से डिहाइड्रेशन, हीट एग्जॉशन और हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। गर्मी का असर हृदय, किडनी, सांस और मेटाबॉलिज्म से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों पर भी गंभीर हो सकता है।
डेंगू और मलेरिया का खतरा: तापमान और बारिश के पैटर्न में बदलाव मच्छरों के प्रजनन और संक्रमण के प्रसार को प्रभावित कर सकता है। WHO ने भारत में डेंगू को हाई या वेरी हाई जोखिम वाली बीमारियों में रखा है। पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में मलेरिया को भी चिंता का विषय बताया गया है। पानी की कमी के कारण घरों में जमा किया गया पानी भी मच्छरों के पनपने का कारण बन सकता है।
लेप्टोस्पायरोसिस और जलजनित संक्रमण: बारिश, बाढ़ और खराब साफ-सफाई के कारण दूषित पानी के संपर्क में आने का खतरा बढ़ सकता है। इससे लेप्टोस्पायरोसिस जैसी बीमारी फैलने की आशंका रहती है। बाढ़ के दौरान पेयजल स्रोतों के दूषित होने से अन्य जलजनित संक्रमण भी बढ़ सकते हैं।
खाद्य संकट और कुपोषण: कम बारिश और सूखे की स्थिति कृषि उत्पादन को प्रभावित कर सकती है। इससे खाद्यान्न की उपलब्धता और लोगों की आजीविका पर असर पड़ सकता है। पांच साल से कम उम्र के बच्चों और गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं में कुपोषण का खतरा बढ़ सकता है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव: अत्यधिक गर्मी, सूखा और बाढ़ जैसी घटनाएं अस्पतालों के बुनियादी ढांचे, दवाओं की आपूर्ति और मरीजों की पहुंच को प्रभावित कर सकती हैं। डायबिटीज, हृदय रोग और किडनी की बीमारी से जूझ रहे लोगों के नियमित इलाज में भी बाधा आ सकती है।
भारत के मानसून पर भी पड़ सकता है असर
भारत में कृषि और जनजीवन काफी हद तक मानसूनी बारिश पर निर्भर है। ऐसे में अल-नीनो के कारण बारिश के पैटर्न में बदलाव चिंता बढ़ा सकता है।
सरकारी आकलन के मुताबिक, अगस्त 2026 में संसद को बताया गया था कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 2026 के दक्षिण-पश्चिम मानसून में सामान्य से कम बारिश का अनुमान जताया था। संशोधित अनुमान के अनुसार, मौसमी बारिश दीर्घकालिक औसत (LPA) का करीब 90 प्रतिशत रहने की संभावना थी। इसमें 4 प्रतिशत की मॉडल त्रुटि की गुंजाइश बताई गई थी।
हालांकि, अल-नीनो का मतलब यह नहीं है कि हर बार भारत में मानसून विफल ही होगा। इसका प्रभाव एल नीनो की तीव्रता, उसके समय और हिंद महासागर द्विध्रुव (Indian Ocean Dipole) जैसी अन्य जलवायु परिस्थितियों पर भी निर्भर करता है।
कम बारिश से पेयजल संकट, साफ-सफाई और खेती पर असर पड़ सकता है। वहीं, कहीं-कहीं अचानक तेज बारिश और बाढ़ से मच्छरों और जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को ज्यादा खतरा
WHO के मुताबिक, अल-नीनो से जुड़े स्वास्थ्य जोखिम सभी लोगों पर समान रूप से असर नहीं डालेंगे। बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांग व्यक्तियों और पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, शहरी झुग्गी बस्तियों और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों पर भी इसका ज्यादा असर पड़ सकता है। इन क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल, साफ-सफाई, ठंडक के साधनों और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सीमित हो सकती है। किसान, निर्माण श्रमिक और सड़क किनारे काम करने वाले लोग भीषण गर्मी की सीधी चपेट में आ सकते हैं। इसके अलावा, रोजगार छिनने, विस्थापन और खाद्य संकट जैसी परिस्थितियां लोगों के मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित कर सकती हैं।
स्वास्थ्य संकट से निपटने के लिए WHO ने क्या सुझाव दिए?
WHO ने अल-नीनो से निपटने के लिए ‘एंटिसिपेट-मिटिगेट-रिस्पॉन्ड’ यानी पहले से अनुमान लगाने, जोखिम कम करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल प्रतिक्रिया देने की रणनीति अपनाने पर जोर दिया है।
संगठन ने देशों को निम्नलिखित कदम उठाने की सलाह दी है:-
संक्रामक बीमारियों की निगरानी और शुरुआती चेतावनी प्रणाली मजबूत की जाए।
डेंगू और मलेरिया जैसी जलवायु संवेदनशील बीमारियों की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जाए।
अस्पतालों में जरूरी दवाओं और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
भीषण गर्मी के दौरान मरीजों के इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्रों को तैयार रखा जाए।
सुरक्षित पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
मौसम विभाग, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाया जाए।
आम लोगों को गर्मी से बचाव, साफ पानी, भोजन की सुरक्षा और मच्छरों से बचने के उपायों के बारे में जागरूक किया जाए।
भारत के लिए क्यों जरूरी है समय रहते तैयारी?
WHO का ग्रेड-3 अलर्ट इस बात का संकेत है कि जलवायु परिवर्तन और मौसमी घटनाओं का असर अब स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए भी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। भारत के सामने गर्मी, पानी की कमी, संक्रामक बीमारियां, खाद्य असुरक्षा और अस्पतालों पर बढ़ते दबाव जैसी कई चुनौतियां एक साथ खड़ी हो सकती हैं। हालांकि, इस चेतावनी का मतलब यह नहीं है कि देश के हर हिस्से में स्वास्थ्य आपातकाल पैदा होना तय है। अल-नीनो का प्रभाव अलग-अलग क्षेत्रों में अलग हो सकता है और स्थानीय परिस्थितियों के साथ तैयारी पर भी निर्भर करेगा। ऐसे में समय रहते बीमारी की निगरानी, अस्पतालों की तैयारी, सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता और लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है। सही समय पर उठाए गए कदम अल-नीनो से पैदा होने वाले संभावित स्वास्थ्य संकट के असर को काफी हद तक कम कर सकते हैं।

