सेवापुरी में छठ महापर्व पर सरोवरों के घाटों पर उमड़ा जनसैलाब, उदीयमान सूर्य को व्रती महिलाओं ने दिया अर्घ्य

Date:

निर्जला व्रत रखकर महिलाओं ने की छठी मइया की पूजा-अर्चना, पति,पुत्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना

वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में छठ महापर्व श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक छठ पूजा की धूम रही। इसी क्रम में वाराणसी जिले के विकास खंड सेवापुरी क्षेत्र के घोषिला,नेवादा, कालिकाधाम, हरिभानपुर, बीरमपुर,कपसेठी सहित विभिन्न कई गांवों में सोमवार की भोर से ही छठ पूजा को लेकर सरोवरों और तालाबों के घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को तड़के करीब तीन बजे से ही व्रती महिलाओं का गाजे-बाजे और पारंपरिक गीतों के साथ घाटों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। इस दौरान घाटों को रंग-बिरंगे गुब्बारों,झालरों और आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया था। जहां घोषिला गांव में तालाबों पर बना घाट आकर्षण का मुख्य केंद्र बना रहा। व्रती महिलाओं ने तालाबों के जल में घंटों खड़े रहकर पूरे विधि-विधान और श्रद्धा भाव से भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की। इसके बाद उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि, पति की लंबी आयु,पुत्र की उन्नति और खुशहाली की कामना की। सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हुआ।

इस अवसर पर घाटों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। महिलाओं के छठ गीतों और भक्ति भरे माहौल से पूरा ग्रामीण अंचल भक्तिमय हो उठा। उत्तर प्रदेश, बिहार,झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों में मनाया जाने वाला छठ महापर्व उत्तर भारत के प्रमुख लोक आस्था के पर्वों में से एक है।

वहीं व्रती महिला बबीता सिंह ने बताया कि छठ पर्व बेहद कठिन और नियम-निष्ठा वाला व्रत है। यह चार दिनों तक चलने वाला महापर्व है, जिसका सोमवार को चौथा और अंतिम दिन रहा। महिलाएं निर्जला व्रत रखकर पति, पुत्र और पूरे परिवार की सलामती एवं सुख-समृद्धि के लिए छठी मइया की पूजा करती हैं। उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब दस वर्षों से पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ छठी मइया की पूजा-अर्चना करती आ रही हैं।

वहीं पूर्व जिला पंचायत सदस्य हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि यह हिंदू धर्म का छठ का महापर्व है। यहां दूर दूर से लोग छठ मईया का पूजा अर्चना करने आई है। यहां व्रत करने वालों को किसी प्रकार का कोई दिक्कत न हो सभी प्रकार की व्यवस्था की गई थी। जिला पंचायत से पक्के घाट के निर्माण के लिए प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य हर्षवर्धन सिंह,वर्तमान जिला पंचायत सदस्य स्वाति सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। वहीं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए विभिन्न तालाबों एवं घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related