सर्राफा बाजार में इन दिनों बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। शादी-ब्याह और त्योहारों के सीजन के बीच सोने के दाम घटने से खरीदारों को बड़ी राहत मिली है, खासकर 18 कैरेट सोने का भाव कई शहरों में 1 लाख रुपये के नीचे आ गया है।
दिवाली के बाद से सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। कभी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने वाले सोने-चांदी के भाव अब तेजी से नीचे आ रहे हैं। कमोडिटी मार्केट MCX में पिछले एक हफ्ते में चांदी की कीमत में करीब 24,000 रुपये प्रति किलो की गिरावट आई है, जबकि सोना भी 12,000 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया है। इस गिरावट का असर ज्वेलरी खरीदने वालों को भी राहत दे रहा है। खास बात यह है कि सर्राफा बाजार में 18 कैरेट सोने की कीमत 1,00,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे आ गई है।
एक हफ्ते में 12 हजार रुपये सस्ता हुआ सोना
वायदा बाजार यानी MCX पर सोने की कीमतों में पिछले एक सप्ताह से बड़ी गिरावट दर्ज की जा रही है। 12 नवंबर को MCX पर 10 ग्राम सोने का भाव करीब 1,41,400 रुपये था। वहीं, 19 नवंबर को यह गिरकर 1,29,300 रुपये पर आ गया है। इस तरह एक सप्ताह में सोना करीब 12,100 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है। सोने की कीमतों में गिरावट का असर सराफा बाजार में भी दिखाई दे रहा है। दिल्ली समेत देश के कई बड़े शहरों में 24 कैरेट और 22 कैरेट सोने के भाव नीचे आए हैं। दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1,30,840 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं, मुंबई और कोलकाता में इसका भाव करीब 1,30,690 रुपये है।
चांदी की कीमत में 24 हजार रुपये की बड़ी गिरावट
सोने के मुकाबले चांदी की कीमतों में और भी तेज गिरावट देखने को मिली है। MCX पर 12 नवंबर को एक किलो चांदी का भाव करीब 1,85,000 रुपये था। 19 नवंबर को इसकी कीमत बढ़ने के बजाय घटकर 1,61,000 रुपये के आसपास दर्ज की गई है।
18 कैरेट सोने का भाव 1 लाख रुपये से नीचे
शहर 24 कैरेट (10 ग्राम) 22 कैरेट (10 ग्राम) 18 कैरेट (10 ग्राम)
दिल्ली ₹1,33,400 ₹1,19,950 ₹98,170
मुंबई ₹1,30,690 ₹1,19,800 ₹98,050
कोलकाता ₹1,36,800 ₹1,19,800 ₹98,050
चेन्नई ₹1,36,800 ₹1,19,800 ₹98,050
बेंगलुरु ₹1,36,800 ₹1,19,800 ₹98,050
क्यों गिर रहे हैं सोने-चांदी के दाम?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगातार बिकवाली के कारण सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। वैश्विक बाजार में हाजिर सोने का भाव करीब 3,725.56 डॉलर प्रति औंस और चांदी का भाव 45.61 डॉलर प्रति औंस बताया गया है। अंतरराष्ट्रीय कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ता है। इसके अलावा डॉलर की मजबूती और निवेशकों की खरीद-बिक्री भी कीमती धातुओं के भाव को प्रभावित करती है।

