कोंटा। हफ्ते भर की थकान, दूर गांवों का लंबा रास्ता, और बाजार का शोर।
ऐसे में जब ग्रामीण मणिकेश्वर शिव मंदिर के सामने से गुजरे, तो वहां का नजारा बिल्कुल अलग था। मंदिर के आंगन में पंगत लगी थी। गरम खाने की खुशबू हवा में थी।
साप्ताहिक अन्न दान योजना का दिन था।
विजय भईया की ओर से इस बार भी व्यवस्था थी। बाजार करने आए हर ग्रामीण के लिए भोजन। कोई पूछताछ नहीं, कोई दिखावा नहीं। बस, प्रसाद की तरह परोसा गया खाना।
दूर अंचल से आए कई लोग सुबह से भूखे थे। किसी के पास थैला था, किसी के पास सामान। लेकिन मंदिर पहुंचते ही सब एक पंगत में बैठ गए।
मंदिर में पहले शिव जी के दर्शन, फिर आंगन में भोजन। यही क्रम हर हफ्ते चलता है, और यही क्रम आज भी चला।
बाजार की भीड़ में अक्सर लोग खाना भूल जाते हैं। महंगाई में होटल का खाना सबके बस का नहीं। ऐसे में मंदिर का ये अन्न दान कई परिवारों के लिए बड़ी राहत बन जाता है।
शाम होते-होते बाजार खाली हो गया। ग्रामीण अपने-अपने गांव लौट गए। मंदिर का आंगन भी शांत हो गया। लेकिन आज का प्रसाद और आज की सेवा, सबके साथ गांव तक पहुंच गई।
इंडिया वाणी न्यूज़
इम्तियाज खान, कोंटा

