भारत-अमेरिका के बीच FTA पर लगातार जारी है बातचीत, वाणिज्य सचिव बोले- दोनों देशों के लिए फायदेमंद होना चाहिए समझौता

Date:

राजेश अग्रवाल ने कहा कि अमेरिका को भारत का 90 अरब डॉलर से ज्यादा का वस्तु निर्यात होता है जो एक अत्यंत महत्वपूर्ण बाजार है।
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता जारी है। उन्होंने कहा कि दोनों देश एक ऐसे व्यापार समझौते की दिशा में काम कर रहे हैं जो दोनों के लिए फायदेमंद हो। अग्रवाल ने कहा, ”अमेरिका के साथ हमारी बातचीत लगातार जारी है। अमेरिका हमारा सबसे बड़ा बिजनेस पार्टनर है। उस औचित्य से हमें उनके साथ बातचीत जारी रखनी चाहिए और आगे देखते हुए एक ऐसे फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) की तैयारी करनी चाहिए जो दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद हो और हम हम उसी दिशा में काम कर रहे हैं।”
अमेरिका को 90 अरब डॉलर से ज्यादा का वस्तु निर्यात करता है भारत
राजेश अग्रवाल ने कहा कि अमेरिका को भारत का 90 अरब डॉलर से ज्यादा का वस्तु निर्यात होता है जो एक अत्यंत महत्वपूर्ण बाजार है। बातचीत पूरी होने की समय-सीमा के बारे में पूछे जाने पर अग्रवाल ने कहा कि किसी भी एफटीए के लिए कोई निश्चित समय-सीमा बताना मुश्किल है। उन्होंने कहा, ”किसी भी एफटीए के लिए कोई निश्चित समय सीमा तय नहीं की जा सकती। जब भी ये प्रक्रिया पूरी होगी और इसे आगे बढ़ाने का फैसला लिया जाएगा, हम निश्चित रूप से आगे बढ़ेंगे।”

एफटीए जागरूकता कार्यक्रमों को जिला स्तर तक पहुंचाने की कोशिशें कर रही है सरकार
वाणिज्य सचिव ने कहा कि इस साल अमेरिका को भारत का निर्यात बढ़ रहा है और दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत बने हुए हैं। सचिव ने ये भी कहा कि सरकार छोटे बिजनेस और उद्यमियों को निर्यात के मौके तलाशने में मदद करने के लिए अपने एफटीए जागरूकता कार्यक्रमों को जिला स्तर तक पहुंचाने की कोशिशें कर रही है। उन्होंने बताया कि भारत के व्यापार समझौतों के फायदों के बारे में व्यवसायों को जानकारी देने के लिए राज्य स्तर पर कार्यशालाएं पहले ही आयोजित की जा चुकी हैं।

MSMEs को निर्यात प्रोत्साहन मिशन और ई-कॉमर्स से मिलने वाले मौकों के बारे में भी दी जाएगी जानकारी
उन्होंने कहा कि सरकार उन उद्यमियों तक पहुंचना चाहती है जिनमें निर्यात करने की क्षमता तो है, लेकिन वे अभी तक अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नहीं उतरे हैं। अग्रवाल ने कहा कि इन कार्यक्रमों के जरिए MSMEs को निर्यात प्रोत्साहन मिशन और ई-कॉमर्स से मिलने वाले मौकों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ई-कॉमर्स की मदद से हस्तशिल्प बनाने वाले छोटे उत्पादक, बड़े पैमाने पर उत्पादन किए बिना भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related