तालिबान राज में धमाके से फिर दहला अफगानिस्तान, स्कूल में हुए ब्लास्ट में कई छात्रों की मौत

Date:

तालिबान शासन के बीच अफगानिस्तान में एक बार फिर धमाके से दहशत फैल गई। कुनार प्रांत के स्कूल में सुबह हुए विस्फोट में कई छात्र हताहत हुए हैं। हालांकि, अभी तक मृतकों की सटीक संख्या और धमाके की वजह सामने नहीं आई है।
अफगानिस्तान के कुनार प्रांत के मिडिल स्कूल में शनिवार सुबह जोरदार धमाका हुआ।
पुलिस के मुताबिक, विस्फोट में कई छात्रों की मौत और घायल होने की खबर है।
अगस्त में काबुल के स्कूल परिसर पर ग्रेनेड हमले में 40 से ज्यादा बच्चे घायल हुए थे।
काबुल: अफगानिस्तान के पूर्वी कुनार प्रांत में शनिवार को एक मिडिल स्कूल में जोरदार धमाके खबर सामने आई है। इस विस्फोट में कई छात्रों की मौत होने और कुछ के घायल होने की खबर है। कुनार प्रांतीय पुलिस ने इसकी जानकारी दी है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि धमाका किस वजह से हुआ और इसमें कितने छात्रों की जान गई है।
सुबह 10 बजे स्कूल में हुआ धमाका
कुनार प्रांतीय पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता फरीद देहकान के मुताबिक, धमाका शनिवार सुबह करीब 10 बजे प्रांत के अंदार सेर इलाके में स्थित एक स्कूल में हुआ। उन्होंने बताया कि विस्फोट में कई छात्र मारे गए या घायल हुए हैं। धमाके के बाद कुनार प्रांत की जांच टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। पुलिस के मुताबिक, जांच की जा रही है और फिलहाल विस्फोट की वजह का पता नहीं चल सका है। कुनार प्रांत पाकिस्तान की सीमा से लगा हुआ है। RT मीडिया के मुताबिक, ब्लास्ट में 6 बच्चों की मौत हुई है जबकि 90 से ज्यादा घायल हैं।
अगस्त में काबुल के स्कूल परिसर पर भी हुआ था हमला
बता दें कि अफगानिस्तान में स्कूलों पर हमले की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले अगस्त में राजधानी काबुल के एक स्कूल परिसर में हैंड ग्रेनेड से हमला किया गया था। इस घटना में 9 से 14 साल की उम्र के 40 से ज्यादा बच्चे घायल हुए थे। इससे पहले 2023 में अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक मिनी वैन में भीषण बम धमाका हुआ था। इस विस्फोट में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हुई थी। आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने सोमवार को इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। इस्लामिक स्टेट ने एक बयान जारी कर कहा था कि उसने विस्फोटक उपकरण के जरिए शिया अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को निशाना बनाया था। संगठन ने इस हमले में 13 लोगों के मारे जाने और घायल होने का दावा किया था।

तालिबान शासन में भी जारी हैं आतंकी हमले और बम धमाके
अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता आने के बाद भी आतंकी हमलों और बम धमाकों की खबरें लगातार सामने आती रही हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में समय-समय पर विस्फोट की घटनाएं होती हैं, जिनमें आम नागरिकों और सुरक्षा बलों को निशाना बनाया जाता है। कई बार स्कूलों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक जगहों पर भी हमले हुए हैं। इन घटनाओं में लोगों की जान जाने के साथ कई लोग घायल भी होते हैं। ताजा घटना ने एक बार फिर अफगानिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related