बालासोर जिले के एक गांव में भालू का आतंक देखने को मिला। जंगली भालू गांव के एक घर में घुस गया औक करीब 5 घंटे तक बैठा रहा। इस दौरान लोग भयभीत रहे। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
ओडिशा के बालासोर जिले में जंगली भालू का आतंक देखने को मिला है। यहां एक भालू जंगल से निकलकर एक व्यक्ति के घर के अंदर घुसकर बैठ गया। ऐसे में घर वालों की डर कर हालत खराब हो गई। सामने आई जानकारी के मुताबिक, जंगसी भालू घर के भीतर घुसकर करीब 5 घंटे तक बैठा रहा। मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और भालू को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, बालासोर जिले के नीलगिरि रेंज के पाटणा गांव में बुधवार सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब एक जंगली भालू जंगल से निकलकर गांव में पहुंच गया। भालू गांव में सीधे नेत्रानंद साहू नाम के शख्स के घर में घुस गया और वहीं अंदर जाकर बैठ गया। सुबह-सुबह घर में भालू को देखकर परिवार के लोग घबरा गए। उन्होंने बिना देर किए घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद गांव में यह खबर तेजी से फैल गई, जिससे पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया।
वन विभाग की टीम मौके पर
भालू के घर में घुसने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हालांकि, वन विभाग ने लोगों से घर के पास न जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घर के आसपास सुरक्षा घेरा बना दिया। अधिकारियों ने लोगों को भीड़ नहीं लगाने और भालू को उकसाने से बचने की सलाह दी। आपको बता दें कि ओडिशा के अंगुल जिले में भी एक भालू कुएं में गिर गया था। मामला जानने के बाद गांव के लोगों ने घंटों तक मेहनत कर के भालू को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, बाहर निकलते ही भालू ने गांव वालों को दौड़ा दिया। ऐसे में मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
बताया जा रहा है कि जंगली भालू करीब पांच घंटे तक घर के अंदर ही मौजूद रहा। उसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने के लिए वन विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। इसके लिए विभाग की ओर से विभिन्न उपाय किए जा रहे हैं, ताकि भालू को बिना नुकसान पहुंचाए जंगल की ओर वापस भेजा जा सके। फिलहाल वन विभाग की टीम पूरे हालात पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और वन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है

