पांच बच्चों की मां को ससुराल से मारपीट कर निकालने का आरोप, मासूम बेटे के माथे पर भी आई चोट; जेठ और ननद समेत चार लोगों पर प्रताड़ना का आरोप, अपर पुलिस आयुक्त से लगाई न्याय की गुहार

Date:

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के कैंट थाना क्षेत्र के बेली गांव से घरेलू विवाद और महिला के साथ कथित मारपीट एवं प्रताड़ना का मामला सामने आया है। यहां पांच बच्चों की मां अरबिया ने अपने पति वैदूल हसन, जेठ कुल्लू, ननद विलियम और ननद की बेटी सानिया पर मारपीट, गाली-गलौज, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि उसे पहले भी बच्चों के साथ घर से निकाल दिया गया था। इसके बाद जब वह अपने छोटे बेटे की देखभाल के लिए ससुराल पहुंची तो उसके साथ दोबारा मारपीट कर उसे घर से बाहर कर दिया गया।

पीड़िता अरबिया ने अपर पुलिस आयुक्त, मुख्यालय प्रयागराज को दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पति वैदूल हसन ने कुछ दिन पहले कथित रूप से उसके साथ मारपीट की और उसे पांच बच्चों समेत घर से निकाल दिया था। इसके बाद से वह अपने मायके में रह रही थी। इसी दौरान उसका छोटा बेटा सामीन हसन काफी रो रहा था। बेटे की हालत और उससे मिलने की इच्छा के चलते वह उसे ससुराल में छोड़ आई थी, लेकिन आरोप है कि वहां परिवार के लोगों ने बच्चे की उचित देखभाल नहीं की और उसके साथ दुर्व्यवहार किया।

महिला का आरोप है कि जेठ कुल्लू, ननद विलियम और सानिया ने बच्चे के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिसके चलते उसके माथे पर काफी चोट आई। जब अरबिया को अपने मासूम बेटे के घायल होने की जानकारी मिली तो वह 17 सितंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे अपने ससुराल पहुंची। वहां पहुंचकर उसने सबसे पहले बेटे का दवा-इलाज करवाया और पूरे दिन बच्चे के साथ ससुराल में ही रही।

पीड़िता के मुताबिक, रात में जब उसका जेठ कुल्लू घर पहुंचा तो ननद विलियम और उसकी बेटी सानिया ने कथित तौर पर उसके खिलाफ कान भरे और उसे भड़काया। इसके बाद जेठ ने महिला के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और उसके साथ मारपीट, अश्लीलता तथा अभद्रता की गई। महिला का कहना है कि आरोपियों ने उसके बाल पकड़कर धक्के दिए और उसे घर से बाहर निकाल दिया।

अरबिया ने अपने शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि उसे ससुराल में दोबारा कदम रखने पर जान से मारने की धमकी दी गई। कथित तौर पर आरोपियों ने कहा कि यदि उसने दोबारा घर में पैर रखा तो उसे काटकर फेंक दिया जाएगा। इस धमकी के बाद से महिला खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

पांच बच्चों की मां ने पुलिस अधिकारियों से लगाई न्याय की गुहार

पीड़िता का कहना है कि वह अपने बच्चों के साथ पारिवारिक जीवन बिताना चाहती है, लेकिन लगातार हो रहे विवाद और कथित प्रताड़ना के कारण उसे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ छोटे बच्चे की चोट और उसकी देखभाल की चिंता है, तो दूसरी तरफ अपने ही ससुराल में सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है।

मामले को लेकर अरबिया ने अपर पुलिस आयुक्त, मुख्यालय प्रयागराज से शिकायत की है। उसने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने, पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related