इंदौर में 13वीं में जा रहे परिवार की कार सामने से आ रही कार से टकरा गई, जिसमें 4 साल के मासूम की मौत हो गई। हादसे के समय मासूम अपनी मां की गोद में बैठा था, जो एक्सीडेंट में डेशबोर्ड से टकरा गया और उसकी जान चली गई।
मध्यप्रदेश के इंदौर में एक चार साल के मासूम की सड़क दुर्घटना में जान चली गई। मामला इंदौर के गांधी नगर थाना क्षेत्र की है, जहां एक मामूली सी चूक ने पलभर में एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शुक्रवार को पूरा परिवार कार से देवास से मानपुर एक तेरहवीं में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान गांधी नगर थाना क्षेत्र के पास कार अचानक सामने से चली आ रही कार से जाकर टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एयरबैग खुल गए, लेकिन एयरबैग खुलने के बाद भी हादसे में चार साल का मासूम शिवांश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजन तुरंत शिवांश को अस्पताल लेकर पुहंचे, लेकिन इलाज के दौरान ही मासूम की मौत हो गई।
सामने से आ रही कार से टकराई कार
हादसा उस वक्त हुआ, जब बिंजाना निवासी सतीश राठौर अपनी पत्नी मोना और बेटे शिवांश के साथ शुक्रवार को एक रिश्तेदार की तेरहवीं में शामिल होने के लिए कार में सफर कर रहे थे। कार, सतीश के साढ़ू भाई राकेश सिंह चला रहे थे और उनकी कार के आगे सफेद रंग की एक अन्य कार चल रही थी। इसी बीच स्पीड ब्रेकर आने पर आगे चल रही कार चालक ने अचानक ही ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे चल रही कार उससे जाकर टकरा गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि तुरंत ही कार के एयरबैग खुल गए, लेकिन बच्चा उछलकर कार के डैशबोर्ड से जा टकराया। हादसे में मासूम के सिर और चेहरे पर चोटें आईं, जिसके चलते परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे।
एक महीने पहले ही था शिवांश का जन्मदिन
रिश्तेदार कुलदीप ने बताया कि सतीश खेती करते हैं और पांच साल पहले ही उनकी मोना से शादी हुई थी। एक महीने पहले ही परिवार ने 5 जुलाई को शिवांश का जन्मदिन मनाया था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में पहुंचा दिया है। हादसे के दौरान शिवांश की नानी भी कार में सवार थीं, जो हादसे सीट से टकराकर घायल हो गई हैं। वहीं बेटे की मौत से मोना सदमे में है और सतीश भी कुछ बोलने की हालत में नहीं है। परिवार के अन्य सदस्य भी शिवांश की असमय मौत से सदमे में हैं।
जांच में जुटी पुलिस
गांधीनगर थाना क्षेत्र के पास हुआ ये हादसा इतना भयावह था कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह से क्षततिग्रस्त हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस मौके पर पहुंच गई और अब आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। परिजनों से भी पुलिस ने पूछताछ की है। लेकिन, इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

