मोरनी, पंचकूला। देव दर्शन शर्मा की रिपोर्ट। मोरनी क्षेत्र की मांधना ग्राम पंचायत के चौधरी का वास गांव में भाई दूज के अवसर पर पारंपरिक कुश्ती दंगल एवं भंडारे का आयोजन किया गया। वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार ग्रामीणों ने ग्राम देवता की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। दंगल में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, मोहाली और चंडीगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से करीब 40 पहलवानों ने भाग लेकर अपनी ताकत और कुश्ती के पारंपरिक दांव-पेच दिखाए।
दंगल देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण माली का मुकाबला रहा, जिसमें चंडीगढ़ के पहलवान गोलू ने मंडी के पहलवान पीयूष को पराजित कर माली अपने नाम की। आयोजन कमेटी की ओर से विजेता गोलू को 3600 रुपये नकद और पगड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता पीयूष को 3000 रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।
चौधरी का वास निवासी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि यह कुश्ती मेला बुजुर्गों के समय से आयोजित होता आ रहा है। ग्रामीण हर वर्ष एकजुट होकर इस परंपरा को आगे बढ़ाते हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण संस्कृति, आपसी भाईचारे और पारंपरिक कुश्ती कला को बढ़ावा मिलता है। साथ ही युवा पीढ़ी को पारंपरिक खेलों से जुड़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में सरपंचों, जिला परिषद सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी भाग लिया। इस अवसर पर किशनलाल, बाबूराम, पंचपाल शर्मा (सरपंच, भौज-मटौर-मांधना एवं प्रधान, मोरनी पंचायत संगठन) और ताराचंद सहित अन्य ग्रामीणों ने आयोजन में सहयोग दिया। दंगल के समापन पर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया गया तथा ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई।
ई खबर मीडिया के लिए हरियाणा स्टेट हेड देव दर्शन शर्मा की रिपोर्ट

