कपसेठी/सेवापुरी, वाराणसी। जीवित्पुत्रिका व्रत (जिउतिया) को लेकर शुक्रवार को कपसेठी बाजार में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ गई। व्रती महिलाओं ने अपने पुत्रों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना को लेकर पूजा-पाठ की तैयारियां कीं। बाजार में पूजन सामग्री, फल, मिठाई और अन्य आवश्यक सामानों की दुकानों पर खरीदारी के लिए भीड़ देखने को मिली।
सुबह से ही कपसेठी बाजार में ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचीं महिलाओं की आवाजाही बनी रही। दुकानदारों ने भी व्रत को देखते हुए पूजन सामग्री और फल आदि की पर्याप्त व्यवस्था की। बाजार में बढ़ी भीड़ के कारण पूरे दिन चहल-पहल का माहौल रहा।
जीवित्पुत्रिका व्रत को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर संतान की दीर्घायु और परिवार की सुख-शांति की कामना की।

