पंचकूला। खड़कुआ पंचायत के गांव जल्लाह की बेटी काजल शर्मा ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की परीक्षा में सफलता हासिल कर असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉमर्स) के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार, रिश्तेदारों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने इसे गांव के लिए गौरव का क्षण बताते हुए काजल को बधाई दी।
काजल शर्मा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मांधना से प्राप्त की। सीमित संसाधनों और साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास के दम पर यह मुकाम हासिल किया। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि सफलता साधनों से नहीं, बल्कि मजबूत संकल्प, मेहनत और
लगन से प्राप्त होती है।
काजल की उपलब्धि को क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव जल्लाह, मांधना और खड़कुआ पंचायत का नाम प्रदेशभर में रोशन किया है। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदार हों तो कोई भी मंजिल दूर नहीं रहती।
इस अवसर पर उनके मार्गदर्शक सतबीर सिंह ने कहा, “काजल मेरी सबसे होनहार छात्राओं में रही हैं। असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर उनका चयन मेरे लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देगी।”
काजल शर्मा के चयन पर पूरे क्षेत्र से उन्हें बधाइयों का तांता लगा हुआ है। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता गांव की बेटियों के लिए नई उम्मीद और प्रेरणा का स्रोत बनेगी। पूरा मांधना और जल्लाह आज अपनी बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गौरवान्वित है।
ई खबर मीडिया के लिए हरियाणा स्टेट हेड देव दर्शन शर्मा की रिपोर्ट


