सुलतानपुर। जनपद सुलतानपुर की बहादीपुर ग्राम सभा के मठिया गांव में विकास कार्यों की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। गांव के लोगों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है और ग्राम पंचायत स्तर पर की गई लापरवाही के कारण आम जनता को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव की मुख्य सड़क के बीचों-बीच नाली का निर्माण कर दिया गया है, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थिति यह है कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बनाई गई नाली के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोग घायल हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के आगे बड़े पैमाने पर जलभराव बना रहता है। पानी जमा रहने के कारण रास्ता खतरनाक हो गया है। गांव के कई युवक इस जलभराव वाले क्षेत्र में गिरकर घायल हो चुके हैं। कुछ लोगों के हाथ और पैर तक टूटने की घटनाएं सामने आई हैं। इसके बावजूद समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई कर्मी और ग्राम प्रधान की उदासीनता के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नाली और जलनिकासी की उचित व्यवस्था की गई होती तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप कर गांव की समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने प्रदेश भर में ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों और वित्तीय व्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच कराने की भी अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों की संपत्तियों की भी जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कार्यकाल से पहले और बाद में उनकी आर्थिक स्थिति में कितना बदलाव आया है।
गांव के लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क, नाली और जलनिकासी की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा गांव में मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त कराने की मांग की है।

