हॉकी इंडिया ने एशियन गेम्स 2026 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय मेन्स हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। हरमनप्रीत सिंह टीम की कप्तानी करेंगे।
एशियन गेम्स 2026 में एक बार फिर भारतीय मेन्स हॉकी टीम गोल्ड मेडल बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। हॉकी इंडिया ने 29 जुलाई को 20वें एशियन गेम्स के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी। एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित होगा। अनुभवी डिफेंडर और स्टार ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह को लगातार दूसरी बार टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि दिग्गज मिडफील्डर मनप्रीत सिंह अपनी अनुभव का दम दिखाते नजर आएंगे। हाल ही में हॉकी मेन्स वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया गया था।
भारत के सामने गोल्ड बचाने की चुनौती
भारत ने 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में हरमनप्रीत की कप्तानी में गोल्ड मेडल जीता था और अब जापान के आइची-नागोया में होने वाले इस टूर्नामेंट में टीम अपने खिताब की रक्षा करने उतरेगी। भारतीय टीम को पूल-ए में मेजबान जापान, साउथ कोरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और इंडोनेशिया के साथ रखा गया है। गोलकीपिंग की जिम्मेदारी मोहित एचएस और सूरज करकेरा संभालेंगे। वहीं डिफेंस में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के साथ जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच शामिल हैं। मिडफील्ड में राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा और विवेक सागर प्रसाद टीम को संतुलन देंगे। अटैक की जिम्मेदारी दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह और अभिषेक पर होगी।
ओलंपिक 2028 के लिए क्वालिफाई करना होगा लक्ष्य
हेड कोच क्रेग फुल्टन ने टीम चयन पर कहा कि एशियन गेम्स के लिए चुनी गई भारतीय टीम बेहद अनुभवी है। उनके अनुसार जापान में होने वाली यह प्रतियोगिता चुनौतीपूर्ण होगी क्योंकि इस टूर्नामेंट का विजेता सीधे लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 के लिए क्वालिफाई करेगा। उन्होंने कहा कि यही भारतीय टीम का सबसे बड़ा लक्ष्य है।
कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भी टीम पर भरोसा जताते हुए कहा कि युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को दबाव लेने के बजाय अपने खेल का आनंद लेना चाहिए और अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभाना चाहिए।
एशियन गेम्स में कुल 12 टीमें दो पूल में बांटी गई हैं और सभी मुकाबले जापान के काकामिगहारा स्थित गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले जाएंगे। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 20 सितंबर को इंडोनेशिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद 22 सितंबर को श्रीलंका, 24 सितंबर को साउथ कोरिया, 26 सितंबर को जापान और 28 सितंबर को बांग्लादेश से मुकाबला होगा।
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय मेन्स हॉकी टीम
गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा
डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच
मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा, विवेक सागर प्रसाद
फॉरवर्ड: दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह, अभिषेक

