अमेरिका में आग बुझाने वाला हेलीकॉप्टर क्रैश, दोनों पायलटों की मौत; पानी गिराते समय हुआ हादसा

Date:

अमेरिका के योसेमिट नेशनल पार्क में जंगल की आग बुझाते समय पानी गिरा रहा ‘सुपर प्यूमा’ हेलीकॉप्टर झील के पास क्रैश हो गया। हादसे में दोनों पायलटों की मौत हो गई। FAA और NTSB दुर्घटना की जांच करेंगे।
योसेमिटी में आग बुझाते समय हेलीकॉप्टर झील के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
हादसे में दोनों पायलटों की मौत हुई, एक की पहचान ग्रेग किंग के रूप में हुई।
‘डोम फायर’ से करीब 580 लोग जूझ रहे हैं, आग सिर्फ 15 प्रतिशत काबू हुई।
वॉशिंगटन: अमेरिका के योसेमिट नेशनल पार्क में जंगल की आग बुझाने के अभियान के दौरान एक फायरफाइटिंग हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना रविवार दोपहर उस समय हुई, जब हेलीकॉप्टर आग पर पानी गिराने के अभियान में जुटा था। हेलीकॉप्टर में पायलटों के अलावा कोई और व्यक्ति सवार नहीं था। दोनों पायलट कॉन्ट्रैक्ट विमान कंपनी ‘प्रिसीजन’ के लिए काम करते थे
हादसे में मारे गए एक पायलट की पहचान हुई
हादसे में मारे गए पायलटों में से एक की पहचान ग्रेग किंग के रूप में हुई है। वह पहले अलास्का डिविजन ऑफ फॉरेस्ट्री एंड फायर प्रोटेक्शन के साथ काम कर चुके थे और अलास्का में जंगल की आग बुझाने के कई अभियानों में हिस्सा ले चुके थे। बाद में वह ‘प्रिसीजन’ से जुड़ गए। अलास्का की एजेंसी के प्रवक्ता एमरी जॉनसन ने बताया कि किंग के करीबी रिश्तेदार अभी भी एजेंसी में काम करते हैं। परिवार की इजाजत मिलने के बाद ही उनका नाम सार्वजनिक किया गया। दूसरे पायलट की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।

झील के पास गिरा ‘सुपर प्यूमा’ हेलीकॉप्टर
फेडरल कॉम्प्लेक्स इंसिडेंट मैनेजमेंट टीम के प्रवक्ता बेंजामिन कॉसेल के अनुसार, ‘सुपर प्यूमा’ हेलीकॉप्टर आग बुझाने के लिए ‘वॉटर बकेट’ का इस्तेमाल कर रहा था। इसी दौरान वह एक झील के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की परिस्थितियों के बारे में अभी तत्काल कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। दुर्घटना की जांच फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) करेंगे। अधिकारियों ने अभी यह नहीं बताया है कि हेलीकॉप्टर किस वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

इस साल जंगल की आग से जुड़े हादसों में 14 मौतें
सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल अमेरिका में जंगल की आग से जुड़े ऑपरेशंस के दौरान कम से कम 14 लोगों की मौत हो चुकी है। यह संख्या 2022 के बाद सबसे ज्यादा है। वर्ष 2022 में जंगल की आग से जुड़े अभियानों में 25 लोगों की जान गई थी। अगस्त में भी अमेरिका में ऐसे 2 बड़े हेलीकॉप्टर हादसे हुए थे। यूटा में आग बुझाने में मदद कर रहे 2 हेलीकॉप्टर पायलटों की मौत हो गई थी, जबकि कोलोराडो में एक हेलीकॉप्टर जलाशय में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

हादसे पर अलास्का की एजेंसी ने जताया दुख
अलास्का की वन और अग्निशमन एजेंसी ने दोनों पायलटों की मौत को जंगल की आग बुझाने वाले पूरे समुदाय के लिए बेहद दुखद नुकसान बताया। एजेंसी ने अपने बयान में कहा,

‘ग्रेग एक समर्पित पायलट और हममें से कई लोगों के बहुत करीबी दोस्त थे। हम दोनों पायलटों के निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं, जिन्होंने बहादुरी से आग बुझाने के प्रयासों में मदद की। हमारी संवेदनाएं उनके परिवारों के साथ हैं।’

वहीं, प्रिसीजन ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि कंपनी के पास इस दुख को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं।

योसेमिट में आग बुझाने में लगे हैं करीब 580 लोग
योसेमिट नेशनल पार्क में जिस आग को बुझाने के लिए हेलीकॉप्टर अभियान में शामिल था, उसे ‘डोम फायर’ नाम दिया गया है। नेशनल इंटरएजेंसी फायर सेंटर के मुताबिक, यह आग 15 सितंबर को कैलिफोर्निया के वावोना के पास शुरू हुई थी। करीब 580 लोग इस आग को बुझाने में जुटे हैं। आग लगभग 4.7 वर्ग मील क्षेत्र में फैल चुकी है और अभी तक करीब 15 प्रतिशत हिस्से पर ही काबू पाया जा सका है। हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की जगह ‘ऑस्ट्रेंडर लेक’ के दक्षिण-पूर्व में बताई गई है।

इस महीने कई और फायरफाइटर्स की जान गई
सितंबर में अमेरिका में जंगल की आग बुझाने के दौरान कई लोगों की जान जा चुकी है। ओक्लाहोमा में एक फायरफाइटर की आग से लड़ते समय मेडिकल इमरजेंसी के कारण मौत हुई। ओरेगन के माउंट हुड नेशनल फॉरेस्ट में आग बुझाते समय पेड़ काट रहे एक फायरफाइटर पर पेड़ गिर गया। अगस्त में ओक्लाहोमा में एक वाइल्डफायर अधिकारी जलती इमारत को खाली कराते समय फंस गए और उनकी मौत हो गई। मिनेसोटा में मेडिकल इमरजेंसी से एक फायरफाइटर की जान गई। ओरेगन में एक बुलडोजर ऑपरेटर आग की चपेट में आ गया। जून में पश्चिमी कोलोराडो में 4 फायरफाइटर्स की मौत हो गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

AC में शॉर्ट सर्किट से अस्पताल में लगी आग, 2 नवजात शिशुओं की मौत, कई बच्चे घायल

तेलंगाना के आदिलाबाद में सरकारी अस्पताल के एक वार्ड...

शैफाली वर्मा ने रचा इतिहास, गोल्ड मेडल मैच में तोड़ा लौरा वुलवार्ट का रिकॉर्ड

शैफाली वर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ गोल्ड मेडल में...