प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) ने हमास के आंतरिक सुरक्षा तंत्र के प्रमुख नईम अबू नाहल को मार गिराया है।
इजरायल ने हमास एक और बड़े कमांडर को मार गिराने का दावा किया है। हमास के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई में इजरायल इसे बड़ी सफलता मान रहा है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) ने हमास के आंतरिक सुरक्षा तंत्र के प्रमुख नईम अबू नाहल को मार गिराया है। बयान के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले इजरायली सेना ने इस पद पर रहे उनके पूर्ववर्ती को एक विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार किया था। इसके बाद नईम अबू नाहल ने यह जिम्मेदारी संभाली थी।
IDF और इजरायल की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी की सराहना
नेतन्याहू और काट्ज ने इस कार्रवाई के लिए IDF और इजरायल की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी (ISA) की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों ने सरकार की आक्रामक नीति को प्रभावी ढंग से लागू किया है।
कोई भी आतंकवादी इजरायल की पहुंच से बचने में सफल नहीं होगा
इस संयुक्त बयान में इजरायली नेतृत्व ने कहा कि कोई भी आतंकवादी इजरायल की पहुंच से बचने में सफल नहीं होगा। हालांकि, बयान में नईम अबू नाहल को मार गिराने के अभियान की जगह, समय और अन्य परिस्थितियों के बारे में डिटेल जानकारी नहीं दी गई है।
हमास का खुफिया नेटवर्क चलाता था अबू नहाल
इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) के सूत्रों के मुताबिक अबू नहाल ही गाजा के भीतर हमास का ‘शैडो एंपायर’ यानी उसका खुफिया नेटवर्क चलाता था। इजरायली सैनिकों द्वारा उसका मारा जाना हमास के इंटरनल कमांड के लिए एक बहुत बड़ा झटका है। एक बयान में, नेतन्याहू और काट्ज ने बताया कि अबू नहाल को हमास के पिछले इंटरनल सिक्योरिटी चीफ के पकड़े जाने के ठीक तीन महीने बाद मार गिराया गया। दोनों नेताओं ने सरकार की आक्रामक नीति को लागू करने के लिए IDF और शिन बेत (ISA) की तारीफ की।
गाजा में इजराइली हमलों में 9 फलस्तीनियों की मौत
दूसरी ओर, गाजा में इजराइल के हमले भी जारी हैं। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार रात और मंगलवार सुबह इजराइल ने चार हमले किए, जिनमें कम से कम नौ फलस्तीनियों की मौत हो गई। मृतकों में हमास द्वारा संचालित सरकार के गृह मंत्रालय का एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी भी शामिल है।

