अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान में अब तक 81000 प्रदर्शनकारी मारे जा चुके हैं। इसके अलावा ईरान ने मिसाइल और ड्रोन हमले भी तेज कर दिए हैं। उन्होंने इन सब का ठीकरा डेमोक्रेट पार्टी पर फोड़ा है।
अमेरिका में हाल ही में हुए मध्यावधि चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्किन पार्टी की करारी हार हुई और विपक्षी दल डेमोक्रेट को अमेरिका के दोनों ही सदन में बहुमत मिल गया। बता दे कि हाल ही में डेमोक्रेट्स ने अमेरिकी संसद हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में 258 सीटें जीतीं हैं जो कि तीन दशकों में उनका सबसे बड़ा बहुमत है। इस हार के बाद डोनाल्ड ट्रंप लगातार डेमोक्रेट पार्टी पर निशाना साध रहे हैं। अब ट्रंप ने आरोप लगाया है कि डेमोक्रेट की जीत के बाद ईरान और अधिक आक्रामक हो गया है। ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने अब तक 81000 प्रदर्शनकारियों को मार डाला है। हालांकि, ट्रंप ने ये भी कहा है कि आखिर में अमेरिका की ही जीत होगी।
क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- “जैसा कि सभी को याद होगा, मैंने 3 नवंबर के मध्यावधि चुनावों (मिडटर्म इलेक्शन) को लेकर दो बातें कही थीं। पहली- अगर डेमोक्रेट्स जीतते हैं, तो शेयर बाजार में भारी गिरावट आएगी, जो कि हुआ भी है। और दूसरी- इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान जिसने अब तक 81,000 प्रदर्शनकारियों को मार डाला है, अपने हमलों में और अधिक आक्रामक हो जाएगा। और अब ऐसा ही हुआ है। बीते एक हफ्ते में ईरान ने पिछले एक साल के मुकाबले कहीं ज्यादा ड्रोन और मिसाइलें दागी हैं। चिंता न करें, उन सभी को गिरा दिया गया है, और कोई नुकसान नहीं हुआ है।” आपको बता दें कि हाल ही में ईरान ने दावा किया था कि उसने एक अमेरिकी एफ-16 लड़ाकू विमान पर मिसाइल दागी है।
अंत में, अमेरिका की ही जीत होगी- ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- “ईरान के नेता डेमोक्रेट्स को कमजोर, नकारा और देश को बर्बाद करने वाला मानते हैं। लेकिन मैं ऐसा नहीं होने दूंगा। डेमोक्रेट्स और ईरान, दोनों ने ही तेल की कीमतों को अधिक से अधिक समय तक ऊपर रखने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया था, लेकिन चुनाव के बाद से तेल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर तक गिर गई हैं। अफसोस की बात ये है कि वोट डालने से पहले मतदाता इस बात को समझ नहीं पाए, लेकिन पूरा चुनाव ही काफी अजीब रहा। अंत में, अमेरिका की ही जीत होगी। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।

