बांग्लादेश में फिर हिंसा का तांडव, मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में लगाई गई आग, ढाका में बम धमाके; 565 लोग गिरफ्तार

Date:

बांग्लादेश के कई हिस्सों में बम धमाके, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई हैं। चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को आग लगा दी गई। हिंसा में कई लोग घायल हुए हैं और पुलिस ने ढाका में 565 लोगों को गिरफ्तार किया है।
बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसक रूप लेता नजर आ रहा है। राजधानी ढाका में गुरुवार तड़के कई जगहों पर कच्चे बम धमाके हुए, वहीं चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर को आग के हवाले कर दिया गया। देश के अलग-अलग हिस्सों में आगजनी, तोड़फोड़ और बम विस्फोट की घटनाओं में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। हिंसा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
यह हिंसा प्रतिबंधित अवामी लीग की ओर से गुरुवार को बुलाए गए देशव्यापी ‘लॉकडाउन’ के बीच भड़की। पार्टी का नेतृत्व पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना करती हैं। लॉकडाउन का आह्वान हसीना को पिछले साल एक विशेष न्यायाधिकरण द्वारा सुनाई गई मौत की सजा की बरसी के मौके पर किया गया था।

यूनुस के पुश्तैनी घर और ग्रामीण बैंक की शाखाओं में आगजनी
चटगांव के पंचलाइश इलाके में अज्ञात हमलावरों ने मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी। इससे पहले देश के अलग-अलग हिस्सों में उनके ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं को भी निशाना बनाया गया। सिलहट, राजशाही, बरिशाल और फरीदपुर में बैंक की शाखाओं पर आधी रात या तड़के हमले किए गए।

ढाका में सुरक्षा कड़ी, 565 लोग गिरफ्तार
राजधानी ढाका में लगातार हो रहे बम धमाकों और आगजनी की घटनाओं के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। प्रमुख फ्लाईओवरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर वाहनों की जांच की जा रही है। संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों और वाहन चालकों से पूछताछ भी की जा रही है।

BDnews24 की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉकडाउन से पहले ढाका में 24 घंटे के अभियान के दौरान पुलिस ने 565 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रह चुके नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार आधी रात उनके आवास से हिरासत में लिया गया।

BNP और अवामी लीग के समर्थकों में टकराव
बांग्लादेश में सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और अवामी लीग के समर्थकों के बीच हिंसक झड़पों की खबरें भी सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, पश्चिमी नाराइल जिले में अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के एक हमले में BNP के सड़क मार्च के दौरान स्थानीय सत्तारूढ़ दल के दो नेताओं की मौत हो गई। इसके अलावा मंगलवार और बुधवार की रात फरीदपुर और पिरोजपुर में हुई हिंसा में BNP के एक स्थानीय नेता और एक परिवहन कर्मचारी की भी जान चली गई।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कम से कम दो BNP कार्यालयों और एक पार्टी नेता के घर को आग लगाई गई। वहीं पिछले दो दिनों में अवामी लीग के कम से कम दो पार्टी कार्यालयों और नेताओं से जुड़ी पांच संपत्तियों को भी आग के हवाले किया गया। देश के 64 में से 28 जिलों में कच्चे बम विस्फोट और वाहनों को जलाने की घटनाएं सामने आई हैं।

तारीक रहमान ने लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील की
प्रधानमंत्री तारीक रहमान ने अवामी लीग की संभावित वापसी को रोकने के लिए लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने अवामी लीग को आतंकवादी संगठन और पराजित फासीवादी ताकत बताते हुए उसके निर्णायक राजनीतिक अंत का आह्वान किया। रहमान ने संसद में कहा कि 2024 की तरह एक बार फिर एकजुट होकर उन ताकतों को निर्णायक रूप से हराना होगा, जिन्होंने देश में निरंकुश शासन चलाया।

‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने BNP सांसदों से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लौटने और पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सक्रिय रहने को कहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवामी लीग का मुकाबला करने के लिए केवल सरकारी मशीनरी और प्रशासन पर निर्भर नहीं रहना चाहिए।

भारत में रह रहीं शेख हसीना, प्रत्यर्पण की मांग तेज
शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद अपनी सरकार गिरने के पश्चात बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। वह फिलहाल भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश सरकार भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। हसीना को पिछले साल एक विशेष न्यायाधिकरण ने मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोप में उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई थी।

रिपोर्टों के अनुसार, हसीना ने इस साल जुलाई में दिसंबर में स्वेच्छा से बांग्लादेश लौटने की योजना का ऐलान किया था। उन्होंने हाल ही में दोबारा कहा कि वह किसी भी कीमत पर दिसंबर में स्वदेश लौटेंगी। इसके बाद देश में राजनीतिक तनाव और हिंसा बढ़ने लगी।

1971 के मुक्ति संग्राम से जुड़े स्मारक भी बने थे निशाना
मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के कार्यकाल में अवामी लीग को भंग कर दिया गया था और पार्टी के हजारों नेताओं व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था। इसी दौरान बांग्लादेश के संस्थापक और शेख हसीना के पिता शेख मुजीबुर रहमान के ढाका स्थित धनमंडी आवास में आग लगा दी गई थी। बाद में इस ऐतिहासिक इमारत को कई चरणों में ध्वस्त कर दिया गया। 1971 के मुक्ति संग्राम से जुड़े कई ऐतिहासिक स्मारकों को भी निशाना बनाया गया था। उस समय अंतरिम सरकार के प्रमुख प्रवक्ता शफीकुल आलम ने भीड़ को ‘प्रेशर ग्रुप’ बताया था।

सरकार ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया
बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान ऑडियो और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। फिलहाल, बांग्लादेश के कई जिलों में तनाव बना हुआ है। सुरक्षा बलों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है। खास तौर पर शेख हसीना के जन्मस्थान दक्षिण-पश्चिमी गोपालगंज में सीमा सुरक्षा बल (BGB) के हजारों जवानों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगाया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related