झांसी में अवैध प्रेम संबंध का ऐसा खौफनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला सच सामने आया है, जिसने पुलिस तक को झकझोर दिया। 10 साल तक प्रेमिका के साथ रहने वाला 63 वर्षीय वृद्ध प्रेमी आखिरकार शक, जलन और पैसों के विवाद में इतना अंधा हो गया कि उसने प्रेमिका की कुल्हाड़ी से हत्या कर डाली। इसके बाद बेटे और पत्नी की मदद से शव को घर के अंदर ही जला दिया और हड्डियों को कोयले में मिलाकर बक्से में भरकर ठिकाने लगाने निकला — लेकिन यूपी-112 की एक कॉल ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
सीपरी बाजार पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड का खुलासा करते हुए पिता-पुत्र और पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।
17 और 18 जनवरी की दरम्यानी रात यूपी-112 पर सूचना मिली कि एक युवक बड़े संदिग्ध बक्से के साथ घूम रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अंदर सैयर गेट निवासी नितिन परिहार को पकड़ा। बक्सा खोलते ही पुलिस सन्न रह गई — अंदर कोयले में भीगे सफेद टुकड़े भरे थे।
कड़ाई से पूछताछ में नितिन टूट गया और कबूल किया कि ये उसकी पिता की प्रेमिका प्रीती के जले हुए अवशेष हैं।
जांच में सामने आया कि रामसिंह परिहार (63) पिछले 10 वर्षों से प्रीती (33) के साथ ब्रह्मनगर में किराए के मकान में रह रहा था। हाल ही में उसे शक हुआ कि प्रीती किसी फौजी से भी बात करने लगी है। ऊपर से वह लगातार पैसों की मांग करती थी, जिससे घर में विवाद बढ़ गया।
आखिरकार रामसिंह ने 8 जनवरी की रात कुल्हाड़ी से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने बेटे नितिन के साथ मिलकर लकड़ी जुटाई और शव को घर के भीतर ही जला दिया। पत्नी गीता ने राख पर पानी डालकर सबूत मिटाने में मदद की। जली हड्डियों और राख को कोयले में मिलाकर बक्से में भर दिया गया ताकि पहचान छिप सके।
पुलिस की फुर्ती से तीनों गिरफ्तार
थाना सीपरी बाजार पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए:
मुख्य आरोपी रामसिंह परिहार
पुत्र नितिन परिहार
पत्नी गीता
को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद हुई।
पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बबीना से : फैजान कुरैशी के साथ मोहित साहू की रिपोर्ट

