इ खबर रिपोर्टर – मोइनुद्दीन कुरैशी
रावतभाटा। नगर पालिका क्षेत्र रावतभाटा के विभिन्न वार्डों में अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं को मतदाता सूची से हटाने की कथित साजिश को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ शरारती तत्वों द्वारा बड़े पैमाने पर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के नाम मतदाता सूची से हटवाने के उद्देश्य से फार्म संख्या 7 भरकर तहसील कार्यालय में जमा कराए गए हैं।
इस गंभीर विषय को लेकर आज अंजुमन कमेटी का एक प्रतिनिधि मंडल तहसील कार्यालय पहुंचा और तहसीलदार विवेक गरासिया से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रतिनिधि मंडल ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
अंजुमन कमेटी के सदर डॉ. मज़हर हुसैन भाटी ने बताया कि बिना किसी ठोस आधार के समुदाय विशेष के मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो बड़ी संख्या में योग्य मतदाता अपने मतदान अधिकार से वंचित हो सकते हैं।
वहीं, कमेटी के सेक्रेटरी मो. हुसैन दादा ने कहा कि फार्म संख्या 7 का दुरुपयोग कर लोगों के संवैधानिक अधिकारों पर हमला किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में फार्म जमा कराने वालों की पहचान कर उनके उद्देश्य की गहन जांच की जाए।
प्रतिनिधि मंडल में नायब सदर मो. हनीफ मंसूरी, लियाकत भाई, मुशर्रफ भाई और सोनू शेख भी शामिल रहे। सभी सदस्यों ने एक स्वर में प्रशासन से निष्पक्षता बरतने और किसी भी निर्दोष मतदाता का नाम सूची से न हटाए जाने का भरोसा दिलाने की मांग की।
तहसीलदार विवेक गरासिया ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि प्राप्त ज्ञापन पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

