– थाना फरसेगढ़ क्षेत्रान्तर्गत ग्राम गुण्डेपुरी में 05 फरवरी 2026 को नवीन सुरक्षा एवं जन-सुविधा कैम्प की स्थापना सफलतापूर्वक की गई। जिले में माओवादियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु डीआरजी, जिला बल, छसबल 21वी वाहिनी “एफ” समवाय की संयुक्त टीमों द्वारा 05/02/2026 को ग्राम गुण्डेपुरी में नवीन कैम्प स्थापित किया गया है।
🔳 प्राकृतिक चुनौतियों के बीच साहसिक उपलब्धि- वर्ष 2024 से अब तक 34इ नवीन सुरक्षा कैम्पों की स्थापना
दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, पहुँच-विहीन मार्गों एवं कड़ाके की ठंड के बावजूद सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और उच्च मनोबल के साथ नवीन सुरक्षा कैम्पों की सफल स्थापना की। यह उपलब्धि सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देगी।
🔳 अंतर्राज्यीय संपर्क एवं आधारभूत संरचना का विस्तार –
भोपालपटनम् से फरसेगढ़, सेण्ड्रा एवं गढ़चिरौली को जोड़ने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र को जोड़ने वाली इन्द्रावती नदी पर पुल निर्माण प्रगति पर है, जिससे नेशनल पार्क क्षेत्र के सुदूर ग्रामों तक सड़क, आवागमन एवं प्रशासनिक पहुँच सुदृढ़ होगी।
🔳 सुरक्षा एवं विकास का समन्वय-
नवीन सुरक्षा कैम्पों की स्थापना से स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल, पीडीएस, मोबाइल नेटवर्क तथा सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएँ सुलभ होंगी। इससे माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होकर क्षेत्र में शांति एवं जन-विश्वास सुदृढ़ होगा।
🔳 नक्सल उन्मूलन में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ-
वर्ष 2024 से अब तक बीजापुर जिले में कुल 34 नवीन सुरक्षा कैम्प स्थापित किए जा चुके हैं। इन सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप 888 माओवादियों द्वारा आत्मसमर्पण किया गया है, 232 माओवादी विभिन्न मुठभेड़ों में मारे गए हैं तथा 1163 माओवादियों को सुरक्षा बलों की प्रभावी कार्यवाही में गिरफ्तार किया गया है ।
🔳 प्रशासनिक नेतृत्व एवं समन्वित प्रयास-
जिला बीजापुर के सुदूर अंचल क्षेत्रों में नक्सल उन्मूलन अभियान एवं विकासात्मक कार्यों को गति प्रदान करने हेतु श्री सुन्दरराज पी., पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज जगदलपुर (छ.ग.) के मार्गदर्शन में तथा डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक, जिला बीजापुर, श्री रविन्द्र कुमार मीणा, अति0 पुलिस अधीक्षक ऑप्स बीजापुर, श्री चन्द्रकांत गवर्ना अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीजापुर, श्री मनोज तिर्की, एवं श्री अमन लखीसरानी, अनुविभागीय अधिकारी, फरसेगढ़, उप पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ सिंह चौहान की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ शासन की “नियद नेल्ला नार” योजना के अंतर्गत दिनांक 05/02/2026 को थाना फरसेगढ़ क्षेत्र के ग्राम गुण्डेपुरी में नवीन सुरक्षा कैम्प की स्थापना की गई।
नवीन कैम्प की स्थापना से क्षेत्र में माओवादियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा, नक्सल विरोधी अभियानों के संचालन में तेजी आएगी तथा आसपास निवासरत ग्रामीणों को सड़क, पुल/पुलिया निर्माण, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएँ, पीडीएस दुकानें, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं मोबाइल कनेक्टिविटी जैसी आवश्यक जन-सुविधाएँ उपलब्ध हो सकेंगी। कैम्प स्थापना से क्षेत्र के आम नागरिकों में उत्साह एवं विश्वास का माहौल बना है।

