दिनांक 07/05/2026
आर हिंदुस्तान टीवी न्यूज़
सिंगरौली जिले के सरई तहसील कार्यालय के ठीक बगल में संचालित एक आधार सेंटर पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार आधार सेंटर संचालक पवित्र जायसवाल एवं उनके ऑपरेटर राजेश जायसवाल पर आम जनता से आधार कार्ड सुधार के नाम पर मनमानी तरीके से अतिरिक्त शुल्क लेने के आरोप लगाए गए हैं।
बताया जा रहा है कि आधार कार्ड में नाम, पता या अन्य सुधार के लिए शासन द्वारा निर्धारित शुल्क 75 रुपये है, लेकिन केंद्र में आने वाले लोगों से 200 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। इससे क्षेत्रीय जनता में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यह सीधे तौर पर गरीब और जरूरतमंद लोगों की जेब पर बोझ डालने जैसा है।
मामले ने तब और तूल पकड़ा जब ग्राम ककरसीहा निवासी छोटेलाल जायसवाल अपने बच्चों के आधार कार्ड में नाम सुधार कराने के लिए उक्त केंद्र पहुंचे। छोटेलाल का आरोप है कि केंद्र के ऑपरेटर राजेश जायसवाल ने उनसे कुल 600 रुपये वसूले। उन्होंने इस लेन-देन के प्रमाण के रूप में पर्ची भी प्रस्तुत की है, जिससे पूरे मामले की गंभीरता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील कार्यालय के इतने करीब यदि इस तरह की मनमानी वसूली का खेल चल रहा है, तो यह प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े करता है। आमजन यह जानना चाहते हैं कि आखिर सरकारी नियमों को दरकिनार कर किस आधार पर अतिरिक्त शुल्क लिया जा रहा है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करेगा या फिर यह अवैध वसूली का सिलसिला यूं ही चलता रहेगा। फिलहाल क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रशासन से निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

