48 घंटे में 13 वर्षीय दीनानाथ हत्याकांड का खुलासा

Date:

घरेलू व जमीन विवाद में हत्या का आरोप, नदी किनारे मिला बालक का शव; पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

हिरणपुर/पाकुड़। करमा पूजा के दौरान लापता हुए 13 वर्षीय बालक दीनानाथ सिंह के मामले में पाकुड़ पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर हत्याकांड का उद्भेदन करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, आपसी घरेलू एवं जमीन विवाद के चलते बालक की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया था।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को हिरणपुर थाना क्षेत्र के नयाग्राम से 13 वर्षीय दीनानाथ सिंह के लापता होने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पाकुड़ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) गठित किया गया।

SIT ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के साथ वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की। अनुसंधान के दौरान पुलिस को बालक की हत्या कर शव नदी में फेंके जाने की जानकारी मिली।

मामले में हरिनन्दन सिंह के आवेदन पर हिरणपुर थाना कांड संख्या 71/26, दिनांक 24 सितंबर 2026 को संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

बस स्टैंड के पास से आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई करते हुए टीम ने मामले में कथित रूप से संलिप्त मनोज कुमार (करीब 40 वर्ष) को हिरणपुर बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बताए गए हरे रंग के बजाज मैक्सीमा टेम्पू (JH17AE0680) और लोहे का जैक जब्त किया।

नदी किनारे मिला दीनानाथ का शव

पुलिस के अनुसार, लापता बालक दीनानाथ सिंह का शव नगर थाना क्षेत्र के देवपुर और मंगलापाड़ा के बीच नदी किनारे से बरामद किया गया। शव को आगे की जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए पुलिस द्वारा अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

मनोज कुमार, उम्र करीब 40 वर्ष
पिता—स्व. हवा सिंह
वर्तमान पता—नयाग्राम, थाना हिरणपुर, जिला पाकुड़
स्थायी पता—चिढ़ाना, पोस्ट महरा, थाना मोहना, जिला सोनीपत, हरियाणा।

पुलिस टीम की कार्रवाई

इस कार्रवाई में SDPO कुमार गौरव, हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, सिमलोंग ओपी प्रभारी बलवंत दुबे समेत हिरणपुर एवं लिट्टीपाड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी, विशेष छापेमारी दल तथा तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 13 वर्षीय बालक के लापता होने के मामले की गुत्थी 48 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

दिल्ली पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने की पीएम मोदी से मुलाकात, अमित शाह और नितिन नवीन से भी मिलेंगे

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को...