माधुरी दीक्षित के पति डॉ श्रीराम नेने ने फराह खान के व्लॉग में खुलासा किया कि शादी के रिसेप्शन में वह शाहरुख और सलमान खान को नहीं पहचानते थे, क्योंकि उन्होंने हिंदी फिल्में नहीं देखी थीं।
बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित की लोकप्रियता से हर कोई वाकिफ है। 90 के दशक में उनकी खूबसूरती और अदाकारी का ऐसा जादू था कि लाखों लोग उनके दीवाने थे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि उनके पति डॉ श्रीराम नेने को शादी के वक्त हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। यहां तक कि वह शाहरुख खान और सलमान खान को भी नहीं पहचानते थे। हाल ही में फिल्ममेकर फराह खान के एक फूड व्लॉग में डॉ श्रीराम नेने ने अपनी शादी के रिसेप्शन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि उस समारोह में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे मौजूद थे, लेकिन उनके लिए उन चेहरों को पहचानना भी मुश्किल था। उनका यह खुलासा अब चर्चा में है।
शाहरुख और सलमान को नहीं पहचानते थे श्रीराम नेने
फराह खान के व्लॉग में बातचीत के दौरान डॉ श्रीराम नेने ने बताया कि जब उनकी शादी माधुरी दीक्षित से हुई, तब वह हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के बारे में ज्यादा नहीं जानते थे। इसकी वजह यह थी कि उनका बचपन अमेरिका के लॉस एंजिलिस में बीता था और वह हिंदी फिल्में बहुत कम देखते थे। फराह ने जब उनसे पूछा कि क्या उन्होंने लॉस एंजिलिस में भी माधुरी के बारे में नहीं सुना था तो नेने ने बताया कि उनका ध्यान हॉलीवुड की फिल्मों और वहां के फिल्मकारों पर ज्यादा रहता था। उन्होंने जॉर्ज लुकास, स्टीवन स्पीलबर्ग और ‘स्टार वॉर्स’ का जिक्र करते हुए बताया कि वह इन्हीं फिल्मों और फिल्मी दुनिया से परिचित थे। ऐसे में हिंदी सिनेमा के सितारों के बारे में उनकी जानकारी सीमित थी। जब फराह ने हैरानी से पूछा कि क्या वह शाहरुख खान और सलमान खान को भी नहीं जानते थे तो नेने ने साफ तौर पर कहा कि वह उन्हें नहीं पहचानते थे।
माधुरी के वेडिंग रिसेप्शन में सितारों की भीड़ देखकर रह गए थे हैरान
माधुरी दीक्षित और डॉ श्रीराम नेने का वेडिंग रिसेप्शन फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियों की मौजूदगी के कारण खास था। हालांकि नेने के लिए यह अनुभव थोड़ा अलग था। उन्होंने बताया कि समारोह में मौजूद ज्यादातर लोगों को वह पहचानते नहीं थे। ऐसे में वह मेहमानों का अभिवादन करते रहे और बाद में शादी की तस्वीरें देखकर लोगों को पहचानने की कोशिश की। नेने ने इस अनुभव को स्कूल के प्रॉम किंग की तरह बताया, जहां आप सभी का अभिवादन करते हैं, लेकिन हर किसी को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते। उनकी इस बात पर फराह खान भी हंस पड़ीं। नेने ने यह भी बताया कि भले ही वह वहां मौजूद सितारों को नहीं पहचानते थे, लेकिन सभी ने उनके साथ बेहद गर्मजोशी से व्यवहार किया। फराह ने इस पर सहमति जताते हुए कहा कि माधुरी दीक्षित को हर कोई प्यार करता है।
अमिताभ बच्चन को पहचानते थे डॉ नेने
दिलचस्प बात यह है कि बॉलीवुड के जिन चंद सितारों को डॉ श्रीराम नेने पहचानते थे, उनमें अमिताभ बच्चन भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘अमर अकबर एंथनी’ देखी थी, इसलिए वह उन्हें जानते थे। यह बात सुनकर फराह खान भी हैरान रह गईं, क्योंकि माधुरी के रिसेप्शन में मौजूद कई बड़े सितारे नेने के लिए बिल्कुल अनजान थे। इसी बातचीत के दौराम फराह खान ने माधुरी के घर की झलक भी दिखाई।
1999 में हुई थी माधुरी और श्रीराम नेने की शादी
माधुरी दीक्षित ने 17 अक्टूबर 1999 को अमेरिका के कैलिफोर्निया में कार्डियोवैस्कुलर सर्जन डॉ श्रीराम नेने से निजी समारोह में शादी की थी। उस समय माधुरी अपने करियर के शिखर पर थीं। दोनों की मुलाकात माधुरी के भाई के जरिए हुई थी। अभिनेत्री ने बाद में बताया था कि यह अरेंज मैरिज नहीं थी। शादी करने से पहले दोनों ने करीब छह महीने तक एक-दूसरे को डेट किया था। शादी के बाद माधुरी अमेरिका चली गई थीं और उन्होंने कुछ समय के लिए फिल्मों से दूरी बनाकर परिवार पर ध्यान दिया। साल 2003 में उनके बड़े बेटे अरिन और 2005 में छोटे बेटे रयान का जन्म हुआ। साल 2011 में परिवार मुंबई लौट आया, जिसके बाद माधुरी ने फिल्मों और टेलीविजन की दुनिया में फिर से सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की।

