1 दिसंबर से BJP का ‘सेवा दूत अभियान’, 25 दिन तक गांव-गांव जाएंगे नेता, आखिर क्या है प्लान?

Date:

बीजेपी 1 से 25 दिसंबर तक देशभर में ‘सेवा दूत अभियान’ चलाएगी। इसके तहत पार्टी के बड़े नेता और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे, पात्र लोगों की मदद करेंगे और जनता की समस्याएं सरकार तक पहुंचाएंगे।
बीजेपी का राष्ट्रव्यापी सेवा दूत अभियान 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलाया जाएगा।
BJP के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी को अभियान का संयोजक बनाया गया है।
सेवा दूत घर-घर जाकर योजनाओं की जानकारी देंगे और पात्र लोगों का पंजीकरण कराएंगे।
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर बीजेपी पूरे भारत में ‘सेवा दूत अभियान’ चलाने जा रही है। यह अभियान 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलेगा। इसके तहत पार्टी के बड़े नेता और कार्यकर्ता सीधे जनता के बीच पहुंचेंगे। लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही आम लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके समाधान की कोशिश की जाएगी। बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी को इस अभियान का संयोजक बनाया गया है।
25 दिनों तक विधानसभा क्षेत्रों में रहेंगे BJP के बड़े नेता
‘सेवा दूत अभियान’ के तहत बीजेपी के बड़े नेता अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में 25 दिनों तक प्रवास करेंगे। इस दौरान वे गांवों, कस्बों और शहरी इलाकों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे। पार्टी का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं की स्थिति जानना और यह समझना है कि लोगों को उनका कितना लाभ मिल रहा है। नेता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और जरूरतों को भी समझेंगे।

घर-घर जाकर योजनाओं की जानकारी देंगे सेवा दूत
इस अभियान में बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ विशेष रूप से नियुक्त ‘सेवा दूत’ भी अहम भूमिका निभाएंगे। वे विधानसभा क्षेत्रों, मंडलों, गांवों और वार्डों में जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएंगे। साथ ही लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेने का तरीका भी बताएंगे।

सरकारी योजनाओं से वंचित लोगों की करेंगे मदद
अभियान का एक बड़ा मकसद यह पता लगाना है कि सरकारी योजनाओं के लिए पात्र लोगों को उनका लाभ मिल रहा है या नहीं। सेवा दूत ऐसे लोगों की पहचान करेंगे, जिन्हें पात्र होने के बावजूद योजनाओं का फायदा नहीं मिल पाया है। ऐसे लोगों का पंजीकरण कराने में भी मदद की जाएगी, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

जनता की समस्याएं और सुझाव सरकार तक पहुंचाएगी BJP
सेवा दूत और पार्टी कार्यकर्ता लोगों की स्थानीय समस्याओं और सुझावों को भी दर्ज करेंगे। इन समस्याओं और सुझावों को प्रशासन तथा सरकार तक पहुंचाया जाएगा। बीजेपी का प्रयास होगा कि लोगों की शिकायतों का समाधान कराया जाए और उनके सुझावों पर भी अमल हो। इस तरह पार्टी सीधे जनता से जुड़कर सरकारी योजनाओं के कामकाज का फीडबैक जुटाएगी।

चुनावी राज्यों पर रहेगा खास फोकस
‘सेवा दूत अभियान’ में उन राज्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां आने वाले समय में चुनाव होने हैं। उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत अन्य चुनावी राज्यों में पार्टी के बड़े नेताओं के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बीजेपी इस अभियान के जरिए इन राज्यों में जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का फीडबैक लेने की तैयारी कर रही है।

बिहार से महाराष्ट्र तक तैयारियां तेज
अभियान को सफल बनाने के लिए कई राज्यों में कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। बिहार, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, राजस्थान और महाराष्ट्र में इसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जम्मू-कश्मीर में सेवा दूतों को उनके गृह जिलों से अलग विधानसभा क्षेत्रों में तैनात करने की योजना है। इसके अलावा प्रत्येक मंडल में उन्हें कम से कम पांच दिन बिताने होंगे, ताकि वे स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझ सकें। बता दें कि हाल ही में पीएम मोदी के सियासी सफर के 25 साल पूरे होने पर दुनिया के भी कई बड़े नेताओं ने बधाइयों की बौछार की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related