रीति तिवारी और महेंद्र सिंह धोनी के बीच गहरा रिश्ता, क्रिकेटर संग एक कमरे में रहते थे मनोज तिवारी, Ex वाइफ से भी कनेक्शन

Date:

रीति तिवारी ‘बिग बॉस 20’ में एंट्री के बाद चर्चा में हैं। मनोज तिवारी और एमएस धोनी की पुरानी दोस्ती के साथ उनका पारिवारिक कनेक्शन भी खास है। रीति संगीत, बिजनेस और राजनीति में सक्रिय हैं।
‘बिग बॉस 20’ के घर में एंट्री के बाद सिंगर, म्यूजिक कंपोजर और बिजनेसवुमन रीति तिवारी लगातार चर्चा में हैं। रीति भोजपुरी अभिनेता और बीजेपी नेता मनोज तिवारी और उनकी एक्स वाइफ रानी तिवारी की बड़ी बेटी हैं। अब तक वह अपनी निजी जिंदगी को काफी हद तक लाइमलाइट से दूर रखती आई हैं। हालांकि बिग बॉस के मंच पर आने के बाद उनके परिवार, करियर और बॉलीवुड-क्रिकेट कनेक्शन से जुड़ी कई दिलचस्प बातें सामने आ रही हैं। इनमें सबसे खास कनेक्शन भारतीय क्रिकेट के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी से जुड़ा है। क्या आप दोनों के बीच का सालों पुराना गहरा रिश्ता जानते हैं?
धोनी और मनोज तिवारी का है पुराना रिश्ता
महेंद्र सिंह धोनी और मनोज तिवारी के बीच रिश्ता केवल पहचान या दोस्ती तक सीमित नहीं रहा है। मनोज तिवारी कई बार बता चुके हैं कि वह धोनी को उनके क्रिकेट के शुरुआती दिनों से जानते हैं। धोनी जब रणजी ट्रॉफी के दौर में क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे थे, तब मनोज और वह एक-दूसरे के काफी करीब थे। आप की अदालत में मनोज तिवारी ने बताया था कि दिल्ली में दोनों ने एक ही कमरे में वक्त गुजारा है। कभी मनोज बिस्तर पर सोते थे तो धोनी फर्श पर सो जाया करते थे। उस दौर में शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यही साधारण जीवन जीने वाला युवा आगे चलकर भारतीय क्रिकेट का सबसे बड़ा नाम बनेगा।

अमिताभ बच्चन से पहली मुलाकात का किस्सा
मनोज तिवारी ने मशहूर शो ‘आप की अदालत’ में महेंद्र सिंह धोनी से जुड़ा एक और दिलचस्प किस्सा साझा किया था। उनके मुताबिक जब धोनी भारतीय क्रिकेट में नंबर वन खिलाड़ी के तौर पर पहचान बना चुके थे, तब उनकी मुलाकात महानायक अमिताभ बच्चन से कराने में मनोज तिवारी की भूमिका रही। मनोज ने बताया था कि मुंबई के गोरेगांव स्थित एक स्टूडियो में अमिताभ बच्चन मौजूद थे। बातचीत के दौरान बिग बी ने धोनी के शानदार प्रदर्शन का जिक्र किया। मनोज ने उन्हें बताया कि धोनी उसी इलाके में शूटिंग कर रहे हैं और पूछा कि क्या उन्हें बुलाया जाए। इसके बाद अमिताभ बच्चन खुद धोनी से मिलने के लिए तैयार हो गए। मनोज ने अपनी एक्स वाइफ के भाई और धोनी के करीबी अरुण पांडे से संपर्क किया, लेकिन जब तक बातचीत चल रही थी, धोनी खुद वहां पहुंच गए। मनोज के मुताबिक, इस घटना ने धोनी के व्यक्तित्व की सादगी को भी दिखाया।

वर्ल्ड कप जीतने के बाद भी नहीं बदले धोनी
मनोज तिवारी ने साल 2007 का एक और किस्सा सुनाते हुए बताया था कि टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद धोनी मुंबई में टीम इंडिया के साथ जश्न और रोड शो में शामिल हुए थे। मनोज को लगा कि अब धोनी इतने बड़े स्टार बन चुके हैं कि शायद उनसे मुलाकात मुश्किल होगी, लेकिन रात करीब पौने बारह बजे धोनी उसी घर में वापस पहुंचे, जहां वह पहले भी ठहरा करते थे। मनोज ने इस घटना को धोनी की सादगी से जोड़ते हुए कहा था कि इंसान केवल कामयाबी हासिल करने से बड़ा नहीं बनता, बल्कि अपने पुराने रिश्तों और लोगों को याद रखने से भी उसकी महानता साबित होती है। उनके मुताबिक अमिताभ बच्चन और धोनी दोनों की यही खूबी उन्हें बाकी लोगों से अलग बनाती है।
धोनी का रीति तिवारी के परिवार से भी कनेक्शन
रीति तिवारी और महेंद्र सिंह धोनी का एक पारिवारिक कनेक्शन भी बताया जाता है। मनोज तिवारी ने साल 1999 में क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की मुंहबोली बहन प्रतिमा पांडे से शादी की थी। शादी के बाद प्रतिमा ने अपना नाम रानी तिवारी रख लिया। इस लिहाज से धोनी और मनोज तिवारी के बीच साले-जीजा का रिश्ता बताया जाता है। दरअसल मनोज के साले और रानी के भाई अरुण, मनोज के साले हैं और महेंद्र सिंह धोनी के जिग्री दोस्त और बिजनेस पार्टनर भी हैं। दोनों अक्सर साथ ही रहते हैं। रानी तिवारी पेशे से डायटीशियन हैं और उन्होंने अपनी बेटी रीति के साथ मिलकर रीति स्पोर्ट्स नाम की कंपनी से भी जुड़ाव रखा है। यह कंपनी क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को मैनेज करने के लिए जानी जाती है। धोनी और रानी तिवारी के बीच पुराना पारिवारिक जुड़ाव होने के कारण रीति का भी क्रिकेटर से कनेक्शन बनता है और वो उन्ें मामा कहती हैं। इतना ही नहीं धोनी रीति की मां रानी का एक म्यूजिक वीडियो भी लॉन्च कर चुके हैं।

कौन हैं रीति तिवारी?
रीति तिवारी का जन्म 23 जून 2001 को मुंबई में हुआ था। वह मनोज तिवारी और उनकी पहली पत्नी रानी तिवारी की बेटी हैं। उनके माता-पिता साल 2011 में अलग हो गए थे और बाद में उनका तलाक हो गया। रीति ने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा अपनी मां के साथ मुंबई में बिताया, लेकिन पिता और उनके परिवार से उनका रिश्ता भी बना रहा। रीति ने जमनाबाई नरसी स्कूल से पढ़ाई की। बचपन से ही उनकी दिलचस्पी संगीत, लेखन और कला में रही। आगे चलकर उन्होंने सामाजिक कार्य और बिजनेस में भी रुचि दिखाई। इस तरह उन्होंने अपने करियर को सिर्फ मनोरंजन की दुनिया तक सीमित नहीं रखा।

सिंगिंग और म्यूजिक में बनाई अलग पहचान
रीति एक प्रशिक्षित गिटारिस्ट हैं और उन्होंने भारतीय शास्त्रीय संगीत की शिक्षा भी ली है। वह सिंगर, लिरिसिस्ट, कंपोजर और म्यूजिक प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुकी हैं। साल 2020 में उन्होंने पलक मुच्छल के भाई पलाश मुच्छल के साथ ‘चले आओ’ प्रोजेक्ट में काम किया था। इसके अलावा दिसंबर 2025 में उनका सिंथ-पॉप ट्रैक ‘झूठी बेबी’ रिलीज हुआ, जिसे उन्होंने खुद लिखा, गाया और कंपोज किया था।

राजनीति में भी रखा कदम
संगीत और बिजनेस के अलावा रीति का नाम राजनीति से भी जुड़ा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मई 2024 में उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ली थी। हालांकि अभी तक सार्वजनिक जीवन में उनकी सक्रियता पिता मनोज तिवारी की तुलना में सीमित रही है। अब ‘बिग बॉस 20’ का हिस्सा बनने के बाद रीति को देशभर में एक अलग पहचान मिलने की उम्मीद है। उनके परिवार का फिल्म, राजनीति और क्रिकेट से जुड़ा कनेक्शन पहले से ही खास है, लेकिन शो के जरिए अब दर्शक रीति की अपनी कहानी और व्यक्तित्व को करीब से जान पाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

भारत बनाम जापान T20 मैच इस एप पर देख पाएंगे लाइव, टीवी के लिए चैनल में जंग

भारत बनाम जापान टी20 क्रिकेट मैच 22 सितंबर को...